Bigg Boss के घर में कलह और साजिशों के बीच इन जोड़ियों ने बरसायी मोहब्बत
अगर बिग बॉस के पुराने सीज़ंस को याद करें तो सिर्फ़ टीवी एक्टर सुयश राय-किश्वर मर्चेंट और कीथ सिकेरा-रोशेल राव की जोड़ियां ऐसी हैं...
मुंबई। बिग बॉस का घर वैसे तो साजिशों, लड़ाई-झगड़ों और माइंड गेम्स के लिए जाना जाता है, मगर इस घर में बने कुछ रिश्ते बेहद ख़ास हो जाते हैं। ऐसा ही रिश्ता बना प्रिंस नरूला और युविका चौधरी के बीच, जो शो के बाद और मज़बूत होता चला गया और अब शादी की मंज़िल तक पहुंच गया है। युविका और प्रिंस शादी करके हमेशा के लिए एक-दूजे के हो गये हैं।
12 अक्टूबर को बिग बॉस के इन पूर्व कंटेस्टेंट्स एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर जीवन भर के लिए रिश्ते में बंध गये। इस शादी में बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के कई सेलेब्रिटीज़ ने शिरकत की, जिनमें सोहेल ख़ान, सुनील शेट्टी, नेहा धूपिया शामिल थे। युविका ने मरून और गोल्डन रंग का लहंगा पहना था, जबकि प्रिंस व्हाइट और गोल्डन रंह की शेरवानी पहनकर दूल्हा बने। बिग बॉस और रोडीज़ के पूर्व प्रतियोगी भी इस शादी में महेमान बने। प्रिंस ने बिग बॉस का सीज़न 9 जीता था, जबकि अल्टीमेट रोडीज़ का ख़िताब भी उनके नाम रहा है।
सीज़न 9 में प्रिंस नरूला और युविका चौधरी के बीच रिलेशनशिप लंबी चली। 26वें दिन नरूला ने युविका को प्रपोज़ किया था। युविका शो में अधिक दिन नहीं रही थीं, मगर थोड़े ही दिनों में दोनों की बांडिंग बन गयी। वैसे तो शो के अंदर नोरा फ़तेही के साथ भी प्रिंस की रिलेशनशिप चर्चा में रही थी, मगर शो के बाहर जाकर युविका के साथ अपने प्रेम प्रसंग को प्रिंस ने आगे बढ़ाया। इसी जुलाई में प्रिंस ने युविका के साथ सगाई कर ली थी।
बिग बॉस से बेघर होकर भी बनी रहीं ये जोड़ियां
सीज़न 11 में बंदगी कालरा और पुनीश शर्मा की जोड़ी भी बिग बॉस के इतिहास की सबसे यादगार रिलेशनशिप है। ये दोनों शो में ही पहली बार मिले और तमाम उतार-चढ़ावों के बीच भी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा। शो के बाद भी पुनीत और बंदगी की रिलेशनशिप कायम है। ख़ास बात यह कि शो में जाते समय बंदगी का एक बॉयफ्रेंड था, जबकि पुनीत के बारे में खुलासा हुआ था कि उनकी शादी हो चुकी है।
बिग बॉस के इतिहास की सबसे दिलचस्प रिलेशनशिप है गौहर ख़ान और कुशाल टंडन। सीज़न 7 में इन दोनों के बीच रिलेशनशिप ने ख़ूब फुटेज बटोका। गौहर के लिए कुशाल ने एंडी के साथ मारपीट की कोशिश भी की थी। जब कुशाल को शो छोड़ने के लिए कहा गया, तो गौहर भी उनके साथ जाने को तैयार हो गयी थीं। एक टास्क के दौरान कुशाल ने गौहर से अपने इज़हारे-इश्क़ किया। शो से निकलने के बाद दोनों क़रीब सालभर रिलेशनशिप में रहे और फिर अलग हो गये।
सीज़न 5 में पूजा बेदी और आकाशदीप सैगल के बीच कुछ इंटिमेट लम्हे देखे गये थे। दोनों ने एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप को ख़ूब एंजॉय किया था। शो से बाहर आने के बाद भी दोनों काफ़ी अर्से तक रिलेशनशिप में रहे और शो के दौरान रिश्ते को स्वीकार किया था।
बिग बॉस के घर की मेहमान बनीं ये जोड़ियां
अगर बिग बॉस के पुराने सीज़ंस को याद करें तो सिर्फ़ टीवी एक्टर सुयश राय-किश्वर मर्चेंट और कीथ सिकेरा-रोशेल राव की जोड़ियां ऐसी हैं जो पहले से रिश्ते में थीं और घर में रहने के दौरान इनके रिश्ते की कशिश कम नहीं हुई, बल्कि बाहर निकलने के बाद रिश्ता मज़बूत हुआ। ये दोनों ही जोड़ियां सीज़न 9 में नज़र आयी थीं। बिग बॉस के अब तक के सीज़ंस में ऐसी रिश्तों की कमी नहीं है जो घर में रहते हुए ही बने, मगर शो से बाहर निकलने के बाद दम तोड़ दिया।
इस बार सीज़न 12 में भजन गायक अनूप जलोटा और उनकी शिष्या जसलीन मथारू की जोड़ी शामिल हुई, जो सबसे चर्चित जोड़ियों में शामिल है। शुरुआत में तो यही लगा कि गुरु-शिष्या की जोड़ी है, मगर धीरे-धीरे पता चला कि दोनों के बीच रिश्ते की गर्माहट कुछ और ही कहानी बयां करती है। घर में एक टास्क के दौरान दोनों के बीच मिसअंडरस्टैंडिंग भी हुई, जिसके बाद अनूप ने ब्रेकअप का एलान कर दिया। बाद में घरवालों के समझाने के बाद दोनों के बीच पैचअप हो गया। बिग बॉस की तरफ़ से दोनों के लिए डिनर डेट का आयोजन भी किया गया।