जानिए पीएम नरेंद्र मोदी क्यों नहीं देखेंगे अपनी बायोपिक 'मन बैरागी', प्रोड्यूसर ने किया खुलासा
Mann Bairagi मोदी जी दुनियाभर में करोड़ों लोगों को प्रेरित करते हैं। लेकिन उन्हें किस बात ने प्रेरित किया। वो कौन सा लम्हा था जब उन्होंने अपना जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनकी बायोपिक मन बैरागी का फ़र्स्ट लुक पोस्टर रिलीज़ किया गया है। यह फ़िल्म पीएम मोदी के जीवन के एक ख़ास पहलू को उजागर करेगी, जिसके बारे में अधिकतकर लोगों को पता नहीं हैं। मगर, आपको यह जानकर हैरानी हो सकती है कि प्रधानमंत्री ख़ुद अपनी बायोपिक नहीं देखेंगे। फ़िल्म के प्रोड्यूसर महावीर जैन ने इसका खुलासा किया है।
मन बैरागी को संजय लीला भंसाली प्रस्तुत कर रहे हैं, जबकि संजय त्रिपाठी ने इसका निर्देशन किया है। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में महावीर जैन ने खुलासा करते हुए कहा कि मोदी जी को अपने बारे में पढ़ना या देखना पसंद नहीं करते। उन्हें इस बात की ख़ुशी है कि हमने फ़िल्म बनाई है, लेकिन वो इसे नहीं देखेंगे। महावीर जैन ने आगे बताया कि मन बैरागी कई सालों से संजय त्रिपाठी ज़हन में थी। उनकी बनाई कई डॉक्यूमेंट्रीज़ को अवॉर्ड मिले हैं। मन बैरागी उस अहम मोड़ के बारे में है, जिसने पीएम मोदी के जीवन की धारा ही बदल दी थी।
महावीर जैन ने यह भी कहा कि इस फ़िल्म का मक़सद कमर्शियल फ़ायदा लेना नहीं है। जब संजय त्रिपाठी इस फ़िल्म का आइडिया लेकर संजय लीला भंसाली और मेरे पास आये तो हमने यही सोचा कि संजय त्रिपाठी जो सोचते हैं उसे बताना ज़रूरी है। मोदी जी दुनियाभर में करोड़ों लोगों को प्रेरित करते हैं। लेकिन उन्हें किस बात ने प्रेरित किया। वो कौन सा लम्हा था, जब उन्होंने अपना जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया।
बता दें कि अक्षय कुमार और प्रभास ने मन बैरागी का फ़र्स्ट लुक मंगलवार को सोशल मीडिया में रिवील किया है। पोस्टर पर पीएम मोदी की किशोरावस्था के समय के लुक में कलाकार को दिखाया गया है, जिससे पता चलता है कि मन बैरागी की कहानी के केंद्र में पीएम मोदी का शुरुआती जीवन ही रहेगा।