विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 30, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Pele: 'गोल माल' में जब 'ब्लैक पर्ल' ने किया उत्पल दत्त को परेशान, हॉलीवुड फिल्मों में भी दिखा पेले का जलवा

By Manoj VashisthEdited By: Manoj Vashisth
Published: Fri, 30 Dec 2022 03:57 PM (IST)

Pele Passes Away ब्राजील के लीजेंड्री फुटबालर पेले का असर कई पीढ़ियों पर देखा गया। सत्तर और अस्सी के दौर ...और पढ़ें

Pele Passes Away Legendry Gol Maal Funny Scene On Footballer. Photo- Instagram
Pele Passes Away Legendry Gol Maal Funny Scene On Footballer. Photo- Instagram

नई दिल्ली, जेएनएन। फुटबाल के जादूगर कहे जाने वाले महान खिलाड़ी पेले का 82 साल की उम्र में निधन हो गया। दुनियाभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। फुटबाल के फैंस और कद्रदान पेले को याद कर रहे हैं। उनके खेल, जिंदगी और उपलब्धियों को गिना रहे हैं। इतिहास में ऐसे बहुत कम लोग हुए हैं, जिनकी बातों और शख्सियत का असर समाज के हर तबके पर इतना गहरा देखा गया हो। पेले उन्हीं चुनिंदा लोगों में शामिल हैं।

सत्तर के दौर में ब्राजीलियन फुटबालर की ख्याति दुनियाभर में छायी हुई थी। भारत में भी पेले के चाहने वाले कम नहीं थे। इसकी बानगी हैं उस दौर में आयीं फिल्में, जिनमें पेले के संदर्भ देखने को मिलते हैं। इनमें सबसे यादगार है 1979 की फिल्म कॉमेडी ड्रामा फिल्म गोल माल, जिसके एक दृश्य में पेले यानी ब्लैक पर्ल का मजेदार रेफरेंस देखने को मिलता है। 

गोल माल- जब ब्लैक पर्ल ने उत्पल दत्त को किया परेशान

गोल माल अपने आप में हिंदी सिनेमा की एक कल्ट फिल्म है, जिसकी लोकप्रियता आज भी जस की तस है। ऋषिकेश मुखर्जी निर्देशित इस फिल्म में पेले का रेफरेंस उस दृश्य में आता है, जब उत्पल दत्त अपनी कम्पनी में एकाउंटेंट के पद के लिए इंटरव्यू ले रहे होते हैं।

यह भी पढ़ें: Abhishek Bachchan ने महान फुटबॉलर पेले के निधन पर जताया दुख, किया दिल को छू लेने वाला पोस्ट

एक केंडिडेट से बातचीत के दौरान ब्लैक पर्ल यानी पेले की चर्चा होती है। वो बताता है कि उसके अंकल अब फुटबाल कोच हैं और उन्होंने ही मोहन बागान की उस टीम को चुना था, जो पेले के खिलाफ खेली थी। दरअसल, यहां 1977 में हुए एक फुटबाल मैच के संदर्भ का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें पेले मोहन बागान की टीम से बेहद प्रभावित हुए थे।

मगर, फिल्मी परिस्थिति में उत्पल दत्त को खेल से नफरत है और वो ऐसे केंडिडेट्स को पसंद नहीं करते, जो खेलों में वक्त बिताते हैं। इस केंडिडेट के साथ हुई चर्चा को उत्पल दत्त राम प्रसाद दशरथ प्रसाद शर्मा बने अमोल पालेकर के साथ दोहराते हैं और फिर एक मजेदार दृश्य बना है। ये दृश्य बताता है कि उस दौर में पेले का स्टारडम कितना बड़ा था और युवाओं में वो किस कदर लोकप्रिय थे।

इन डॉक्यूमेंट्री फिल्मों में नजर आ चुके हैं पेले

पेले खुद भी फिल्मकारों के पसंदीदा विषय रहे। 2004 में पेले एटरनो नाम से डॉक्यूमेंट्री फिल्म आयी थी। इसमें उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों के साथ दिलचस्प तथ्य दिखाये गये थे। इस फिल्म में ब्राजील के कई दिग्गज फुटबालरों ने पेले के बारे में अपनी राय रखी थी। यह फिल्म वीमियो प्रीमियम पर उपबल्ध है। 

2016 में पेले की बायोपिक डॉक्यूमेंट्री फिल्म बर्थ ऑफ अ लीजेंड आयी थी। इस फिल्म में पेले के शुरुआती दिनों को दिखाया गया था। इस फिल्म का संगीत एआर रहमान ने दिया था। इस डॉक्यूमेंट्री में पेले का उनके पिता के साथ संबंध, स्ट्रीम फुटबाल का असर और सेंटोस फुटबाल क्लब में उनकी एंट्री को कैप्चर किया गया था। 1958 में ब्राजील की फुटबाल में विश्वकप जीत को भी इसमें शामिल किया गया था। यह डॉक्यूमेंट्री अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है। 

2021 में पेले पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म पेले आयी थी, जो अब नेटफ्लिक्स पर मौजूद है। इसका निर्देशन बेन निकोलस और डेविड ट्रायहोर्न ने किया था। यह पेले के फुटबाल करियर को कवर करती है। 1970 के विश्व कप में ब्राजील की ऐतिहासिक जीत भी इसकी एक हाइलाइट है। 

हॉलीवुड फिल्म में किया था अभिनय

पेले ने 1981 की फिल्म एस्केप टु विक्ट्री से हॉलीवुड डेब्यू किया था। यह स्पोर्ट्स वार फिल्म है। जॉन ह्यूसटन निर्देशित फिल्म में सिल्वेस्टर स्टैलोन, माइकल केन और मैक्स वोन सिडो ने मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं। पेले ने फिल्म में ब्रिटिश सिपाही का रोल निभाया था। यह फिल्म यू-ट्यूब पर मौजूद है।

यह भी पढ़ें: PM Narendra Modi की मां हीराबा के निधन पर कमल हासन, प्रकाश राज और स्वरा भास्कर ने जताया शोक, पढ़ें ट्वीट्स