परिणीति चोपड़ा ने किया खुलासा, जूता चुराई में 'जीजा जी' ने दी कितनी रकम
प्रियंका की शादी में परिणीति चोपड़ा ने उन सारी रस्मों में भाग लिया, जो भारतीय शादियों में साली के ज़िम्मे होती हैं।
मुंबई। जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में रॉयल वेडिंग के बाद मंगलवार (4 दिसम्बर) को प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने दिल्ली में रिसेप्शन आयोजित किया, जिसमें फ़िल्म, उद्योग और राजनीति जगत से कई बड़े और नामी मेहमान पहुंचे। ख़ुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां पहुंचकर नव विवाहित जोड़े को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। शादी और रिसेप्शन की गहमागहमी के बीच परिणीति चोपड़ा की जूता चुराई में मिली भारी भरकम रकम की चर्चा भी ख़बरों में जगह बना रही है।
रविवार (2 दिसम्बर) को प्रियंका और निक हिंदू पंजाबी परम्परा से शादी हुई, जिसमें विभिन्न रस्मों के दौरान जमकर मस्ती हुई। किसी फ़िल्मी शादी की तरह संगीत की महफ़िल सजी। दूल्हा-दुल्हन पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे से प्रतिस्पर्द्धा की। गाने गाये और बेहतरीन डांस परफॉर्मेंस दीं, जिनकी तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो चुकी हैं। प्रियंका की शादी में परिणीति चोपड़ा ने उन सारी रस्मों में भाग लिया, जो भारतीय शादियों में साली के ज़िम्मे होती हैं।
इनमें सबसे स्पेशल जूता चुराई की रस्म है, जिसमें दुल्हन की बहनें दुल्हे के जूतों को चुराकर कहीं छिपा देते हैं और फिर जूता वापस देने के बदले में नेग मांगते हैं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मोल-भाव होता है। प्रियंका की शादी में इस रस्म को लेकर काफ़ी चर्चा थी और परिणीति को लेकर ख़बरें आयी थीं कि उन्होंने नेग में लाखों वसूले हैं। इन ख़बरों पर चटखारे ले रहीं परिणीति ने इसका सच बताया है। परी ने एक ट्वीट किया है, जिसमें लिखा है- ''वो सारे लोग जो जूता छिपाने के नेग के बारे में अंदाज़े लगा रहे हैं, उन्हें कुछ नहीं पता। मैं बस इतना कह सकती हूं कि आप ग़लत हो। हा... हा... निक उम्मीद से अधिक शालीन थे। अभी भी वो तस्वीर चल रही है। उन्होंने हमें करारा झटका दे दिया। क्या ज़बर्दस्त लम्हे थे।''
To all those speculating the joota hiding money - you know nothing!! ☺️☺️☺️ All I can say is - you’re wrong!!!!! Haha. Nick was MORE THAN CRAZY HUGELY MADLY GENEROUS! No words. Still reeling. Phew. ❤️ He shocked us. Whatta playa!!! @nickjonas— Parineeti Chopra (@ParineetiChopra) December 4, 2018
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि परिणीति चोपड़ा ने जूता चुराई के दौरान अपने जीजा जी निक से 5 लाख रुपयों की मांग की थी तो कुछ में दावा किया गया था कि सिर्फ़ 10 डॉलर में परिणीति ने जूते वापस कर दिये। पर अब लगता है कि परिणीति नेग की रकम का खुलासा करने को तैयार नहीं हैं।
वैसे परिणीति और निक के बीच जीजा-साली वाली छेड़छाड़ का सिलसिला काफ़ी समय से चल रहा है। यहां तक कि सोशल मीडिया में भी परिणीति, निक की खिंचाई करने से नहीं चूकतीं। पिछले महीने बैचलर पार्टी के बाद प्रियंका ने परिणीति के साथ एक फोटो शेयर की थी, जिस पर निक ने कमेंट किया है- यह (प्रियंका) तो बहुत ख़ूबसूरत हैं। क्या इनसे मेरी मुलाक़ात हो सकती है? हाज़िरजवाब परिणीति भी कहां देर करने वाली थीं। उन्होंने निक को जवाब देते हुए लिखा- निक जोनस, इनको पाना बहुत मुश्किल है, लेकिन मैं तुम्हारे लिए कोशिश कर सकती हूं, अगर तुम मुझे जूता चुराई में 5 मिलियन डॉलर देने को तैयार हो।
प्रियंका की शादी में परिणीति ने जहां ख़ूब मस्ती की, वहीं वो कुछ मौकों पर भावुक भी नज़र आयीं। संगीत सेरेमनी की एक फोटो शेयर करके परिणीति ने संगीत की रात हुए काम्पटीशन की मज़ेदार जानकारी दी। उन्होंने लिखा था- ''हमारे संगीत में, परिवारों ने डिसाइड किया था कि मिमी दीदी और निक की लव स्टोरी को गानों के ज़रिए बयां करेंगे। कई दिनों तक पूरे परिवार ने ख़ूब रिहर्सल की और जोनस पक्ष को हराने के लिए तैयार थे। लेकिन जब लड़के वाले मंच पर आये, उन्होंने हमें स्टंप कर दिया। वो भी लम्बे समय से रिहर्सल कर रहे थे। उन्होंने नाच-गाने की लाइव परफॉर्मेंस की। हिंदी गानों को भी लिप सिंक किया। चूक हो गयी, हमें यह पता होना चाहिए था। लेकिन प्रतिस्पर्द्धा की भावना पर प्यार, ख़ुशी, हंसी, सीटियां और तालियां भारी पड़ गयीं। क्या रात थी। हमने ट्रॉफी भी शेयर की।''