फिल्म 83 के लंदन शेड्यूल से पहले पंकज त्रिपाठी छुट्टियों के लिए स्कॉटलैंड रवाना
फिल्म ‘83’ में पंकज त्रिपाठी इंडियन टीम के मैनेजर पीआर मान सिंह का किरदार निभाएंगे जिन्होंने भारतीय टीम को आकार देने में अहम भूमिका निभाई थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। काम की व्यस्तता के चलते कई बार बॉलीवुड सितारे परिवार के लिए वक्त नही निकाल पाते हैं। ऐसा ही कुछ अभिनेता पंकज त्रिपाठी के साथ भी हो रहा है। पंकज त्रिपाठी पिछले कुछ महीनों से लगातार काम कर रहे हैं। अब वह कबीर खान के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘83’ का हिस्सा भी बन गए हैं।
फिल्म ‘83’ में पंकज त्रिपाठी इंडियन टीम के मैनेजर पीआर मान सिंह का किरदार निभाएंगे, जिन्होंने भारतीय टीम को आकार देने में अहम भूमिका निभाई थी। इसकी वजह से कपिल देव की कप्तानी में भारत ने पहला क्रिकेट विश्वकप जीता था। इस फिल्म का अगला शेड्यूल लंदन में जून की शुरुआत में आरंभ होगा। इस शेड्यूल से पहले पंकज अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने के लिए स्कॉटलैंड के लिए रवाना हो गए हैं। इस वेकेशन पर जाने की वजह बताते हुए पंकज ने कहा, ‘दो साल का वक्त हो गया है, मैंने काम से छुट्टी नहीं ली है। मेरी पत्नी मृदुला ‘आउटलैंडर्स’ सीरीज देखती थीं। उसी में उन्होंने स्कॉटलैंड देखा है और उनकी हमेशा से स्कॉटलैंड जाने की इच्छा थी। मैं हमेशा किसी न किसी प्रोजेक्ट में व्यस्त रहता हूं। इन छुट्टियों की जरुरत हम सबको थी। मेरी बेटी शेरलॉक होम्स की फैन हैं, इसलिए वह भी स्कॉटलैंड जाना चाहती थी। सबकी सहमति से स्कॉटलैंड में छुट्टियां बिताना का फैसला लिया गया। यह पहली बार होगा, जब मेरी पत्नी और बेटी स्कॉटलैंड में छुट्टियां बिताएंगे।’
यह भी पढ़ें: Sushmita Sen ने 25 साल पहले जीता था Miss Universe का खिताब, Boyfriend ने दिया खूबसूरत सरप्राइज़
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप