पद्मावती विरोधियों से सख़्ती से निपटेगी मुंबई पुलिस, भंसाली-दीपिका को सुरक्षा
पद्मावती को लेकर लगातार विरोध करने वाले राजपूत संगठनों को मुंबई पुलिस ने चेतावनी दे दी है।
मुंबई। संजय लीला भंसाली निर्देशित फिल्म पद्मावती को लेकर लगातार चल रहा विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। इस बीच मुंबई पुलिस ने विरोध करने वालों को चेतावनी दे डाली है।
पद्मावती को लेकर लगातार विरोध कर रहे राजपूत संगठनों को मुंबई पुलिस ने चेतावनी दे दी है। आईएएनएस की ख़बर के मुताबिक संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) देवेन भारती ने अपने स्टेटमेंट में कहा कि, अगर कोई भी व्यक्ति फिल्म पद्मावती के विरोध के दौरान कुछ भी गलत करता है या परेशानी पैदा करता है तो स्ट्रिक्ट लीगल एक्शन लिया जाएगा। पुलिस ने इस बात को साफ कर दिया है कि वो विरोध में कोई दखल नहीं देंगे लेकिन किसी भी प्रकार की परेशानी भी नहीं होने देंगे। पुलिस द्वारा सबको सिक्योरिटी दी जाएगी। पुलिस ने इस बात को लेकर भरोसा जताया है कि, वो शरारती तत्वों को किसी भी प्रकार की परेशानी पैदा नहीं करने देगी। आपको बता दें कि, मुंबई पुलिस द्वारा यह स्टेटमेंट इसलिए जारी किया गया क्योंकि हालही में राजपूत करणी सेना के एक सदस्य ने दीपिका की नाक काटने की धमकी दी थी। साथ ही भंसाली को मारने की धमकी भी दी गई थी। इससे मामला और गरमा गया था। इसको लेकर दीपिका की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस पहले ही फिल्मकार संजय लीला भंसाली को सुरक्षा प्रदान कर चुकी है।
यह भी पढ़ें: 'पद्मावती' जौहर के बाद उठेगी 'रानी' की तलवार, इन 5 एक्ट्रेसेज़ ने निभाये एतिहासिक किरदार
फिल्म पद्मावती 1 दिसंबर को रिलीज़ होना है। इसमें दीपिका पादुकोण पद्मावती की भूमिका में हैं। वहीं शाहिद कपूर और रणवीर सिंह की भी अहम भूमिका है।