हिजाब पहनकर महिला ने नोरा फतेही के गाने पर किया जबरदस्त डांस, अभिनेत्री ने शेयर किया वीडियो
नोरा फतेही के हाल ही में रिलीज हुए गाने डांस मेरी रानी को फैंस का बहुत ही प्यार मिल रहा है। इस गाने पर फैंस लगातार वीडियो बना रहे हैं। दुबई में नोरा के गाने पर एक महिला और नन्ही बच्ची ने जबरदस्त डांस किया। जिसे नोरा ने शेयर किया।
नई दिल्ली, जेएनएन। नोरा फतेही को बॉलीवुड की सबसे अच्छी डांसर के रूप में देखा जाता है। दिलबर हो या नाच मेरी रानी उनके हर गाने ने सोशल मीडिया पर खूब धमाल मचाया है। नोरा के कई लोकप्रिय गानों पर फैन्स ने इंस्टाग्राम पर कई शानदार रील्स बनाई। गुरु रंधावा के साथ उनके हालिया रिलीज हुए गाने 'डांस मेरी रानी' ने भी खूब कमाल किया और दर्शकों को इस गाने पर थिरकने के लिए मजबूर कर दिया। हाल ही में विदेश में एक महिला ने हिजाब पहनकर उनके गाने पर जबरदस्त डांस स्टेप किए, जिसे देखकर दिलबर गर्ल काफी इम्प्रेस हो गईं।
नोरा ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
नोरा फतेही ने महिला और छोटी लड़की का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। भारत के साथ-साथ नोरा फतेही के गानों का क्रेज विदेशो में भी है। नोरा ने महिला और नन्ही सी बच्ची का जो वीडियो शेयर किया है, वह दुबई का है। इस वीडियो में महिला और बच्ची नोरा फतेही के गाने 'डांस मेरी रानी' पर जबरदस्त स्टेप्स करती हुई नजर आईं। उन्होंने एक-एक स्टेप्स को इतने अच्छे से किया, जिसे देखकर हर कोई महिला और बच्ची की तारीफ कर रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो
महिला और बच्ची का ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, इस वीडियो को कई बार देखा जा चुका है। इस वीडियो को कितना ज्यादा पसंद किया जा रहा है इस बात का अंदाजा आप इससे ही लगा सकते हैं कि डांसिंग क्वीन नोरा फतेही खुद इनके डांस को देखने के बाद इनके वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करने से नहीं रोक सकीं। नोरा ने महिला और बच्ची के डांस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'यह बहुत ही शानदार है'। नोरा के पोस्ट पर इस वीडियो को अब तक 5 लाख से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं।
महिला और बच्ची की जमकर हो रही है तारीफ
'डांस मेरी रानी' के इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया पर लोग महिला और बच्ची के डांस की तारीफ करते हुए नहीं थक रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'यह नेक्स्ट लेवल डांस है'। दूसरे यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'क्यूट लिटिल नोरा'। अन्य यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'इनका डांस उतना ही शानदार है, जितने आप हो'। इस डांस को देखने के बाद लोग हार्ट वाले इमोजी पोस्ट कर रहे हैं'।
नोरा फतेही ने बॉलीवुड को दिए कई शानदार गाने
नोरा फतेही फिल्मों में अभिनय करते हुए भले ही बहुत कम नजर आई हों, लेकिन फिल्म में अपने एक गाने से वो लोगों को दिल चुरा लेती हैं। नोरा ने अब तक 'दिलबर-दिलबर', 'कमरिया' और 'कुसु-कुसु' सहित कई गानों पर अपने डांसिंग मूव्स से सबका दिल जीता। हिंदी के साथ-साथ नोरा फतेही तेलुगू इंडस्ट्री में भी काफी सक्रिय हैं।