New Trailer: डैडी बने अर्जुन को इस गैंगस्टर ने दी थी सख़्त हिदायत
अर्जुन ने यह भी बताया कि इस फिल्म के चलते वह अरुण गवली से भी मिले थे और उनकी कई सारी बातों को नोट भी किया।
रुपेशकुमार गुप्ता, मुंबई। अर्जुन रामपाल स्टारर फिल्म डैडी का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। यह फिल्म मुंबई के कुख्यात गैंगस्टर अरुण गवली के अपराध की दुनिया से राजनीति में जाने की कहानी है। फिल्म को लेकर गवली ने ही अर्जुन को साफ़ साफ़ कहा था कि इस फिल्म में उनको हीरो की तरह न दिखाया जाय।
काफी समय से बन रही इस फिल्म के ट्रेलर रिलीज़ किये जाने के बाद अर्जुन रामपाल ने एक बातचीत में बताया कि इस फिल्म के लिए अरुण गवली ने उन्हें एक हिदायत दी थी कि उन्हें फिल्म में हीरो की तरह पेश न किया जाय और सिर्फ वैसा ही रखा जाय जैसा वह निजी जीवन में हैं। फिल्म डैडी में अर्जुन ने अरुण गवली की ही भूमिका निभाई है। अर्जुन ने यह भी बताया कि इस फिल्म के चलते वह अरुण गवली से भी मिले थे और उनकी कई सारी बातों को नोट भी किया। अर्जुन रामपाल ने बताया कि इस फिल्म में अरुण गवली से जुड़ी कई सारी बातों को दिखाया जाएगा।
यह भी पढ़ें:पीकू के बाद अब पिग्गी: क्या इरफ़ान करने जा रहे हैं इनके साथ गुस्ताख़ियां
अरुण गवली ने मुंबई की दगडी चाल से अपने गैंग की शुरुआत की और बाद में चुनाव लड़ कर विधायक भी बने। पांच साल पहले अरुण गवली को शिव सेना नेता कमलाकर जामसांडेकर की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इस फिल्म का निर्देशन अशीम अहलुवालिया ने किया है और अर्जुन ने अशीम के साथ मिल कर इस फिल्म की कहानी भी लिखी है। डैडी 21 जुलाई को रिलीज़ होगी।