रिलीज होते ही छा गया 'सो गया ये जहां...' गाना, 'तेजाब' के गाने को किया गया है रीक्रिएट
So Gaya Yeh Jahan नील नितिन मुकेश स्टार फिल्म बाईपास का नया गाना सो गया ये जहां... रिलीज हुआ है। यह गाना सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। ट्विटर पर भी यह टॉप ट्रेंड में है।
नई दिल्ली, जेएनएन। नील नितिन मुकेश स्टार फिल्म बाईपास का नया गाना सो गया ये जहां.. रिलीज हुआ है। रिलीज होते ही यह गाना सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। ट्विटर पर भी यह टॉप ट्रेंड में है। सो गया ये जहां... गाना 1988 में आई फिल्म तेजाब के गाने का रीक्रिएट है। तेजाब में यह गाना चंकी पांडे, अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गया था। गाना काफी हिट रहा था। यह गाना काफी धीमा और अलग तरह का दुख भरा गीत था। जबकि नया गाना थोड़ा तेज है और इसे डिस्को में फिल्माया गया है। गाने के बोल भी बदले गए हैं।
नील नितिन मुकेश का कहना है कि बाईपास का गाना सो गया ये जहां.. काफी सुरीला और पोएट्रिक है। यह फिल्म के प्लाट को भी जस्टिफाई करता है। जब हम फिल्म बना रहे थे तो सिर्फ यही गाना था जो हमें लगा कि इस प्लाट पर सूट करेगा। गाने को बुधवार को टी-सीरीज ने रिलीज किया। ओरिजनल सांग को लक्ष्मीकांत प्यारेलाल ने कंपोज किया था। इसे नील नितिन मुकेश के पिता नितिन मुकेश ने गाया था।
नए गाने में नील नीतिन मुकेश के साथ अदा शर्मा
बाईपास के नए गाने में नील नीतिन मुकेश के साथ अदा शर्मा ऑन स्क्रीन थिरकती दिख रही हैं। इस गाने को जुबैन नौटियाल ने आवाज दी है। नीतिन मुकेश ने भी गाने की पंच लाइन को गुनगुनाया है। नए गाने में संगीत है राज आशु का। इसे लिखा है शब्बीर अहमद ने। बाईपास फिल्म का ट्रेलर भी कुछ दिन पहले ही रिलीज किया गया था। फिल्म एक नवंबर को रिलीज होगी। बाईपास को नील नितिन मुकेश ने लिखा और इसका निर्देशन उनके भाई नमन नितिन मुकेश ने किया है।