नीतू सिंह को याद आयी 'चांदनी', ऋषि कपूर के साथ शेयर की श्रीदेवी की तस्वीर और बोलीं...
यश चोपड़ा निर्देशित फ़िल्म में ऋषि कपूर और श्रीदेवी के साथ विनोद खन्ना भी मुख्य किरदारों में शामिल थे, जबकि जूही चावला इसमें मेहमान भूमिका में थीं।
मुंबई। श्रीदेवी को गुज़रे हुए तक़रीबन 15 दिन हो चुके हैं, मगर उन्हें याद करने का सिलसिला जारी है। अब ऋषि कपूर की बेटर हाफ़ नीतू सिंह ने श्रीदेवी को याद करते हुए उनकी एक फोटो शेयर की है।
ख़ास बात ये है कि इंस्टाग्राम पर शेयर की गयी ये तस्वीर चांदनी फ़िल्म की है, जिसमें श्रीदेवी और ऋषि कपूर थिरकने वाले अंदाज़ में दिख रहे हैं। इस फोटो के साथ नीतू ने लिखा है- ''जब लोगों ने कहा कि हमारी ज़िंदगी में रोमांस लौट आया। मेरी पसंदीदा फ़िल्म चांदनी।'' 80 के दशक में आयी चांदनी हिंदी सिनेमा की यादगार रोमांटिक फ़िल्मों में शामिल है। यश चोपड़ा निर्देशित फ़िल्म में ऋषि कपूर और श्रीदेवी के साथ विनोद खन्ना भी मुख्य किरदारों में शामिल थे, जबकि जूही चावला इसमें मेहमान भूमिका में थीं।
श्रीदेवी के साथ ऋषि कपूर की केमिस्ट्री को काफ़ी पसंद किया गया था। बता दें कि 24 फरवरी की रात को श्रीदेवी का दुबई के एक होटल में आकस्मिक निधन हो गया था। वो अपने भांजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने दुबई गयी हुई थीं। शादी के बाद भी श्रीदेवी निजी काम से वहां रुकी थीं, जबकि परिवार के बाक़ी सदस्य लौट आये थे। निधन वाले दिन पति बोनी कपूर श्रीदेवी के पास दुबई गये थे। जांच प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 27 फरवरी की रात को उनका पार्थिव शरीर मुबंई पहुंचा और 28 फरवरी को पूरे राजकीय सम्मान के साथ श्रीदेवी का अंतिम संस्कार किया गया। आज (11 मार्च) को चेन्नई में श्रीदेवी की शांति सभा आयोजित की जा रही है, जिसमें उनकी बेटियां जाह्नवी कपूर और ख़ुशी शामिल हुई हैं।