यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 18, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुजफ्फरनगर में क्वारंटाइन हैं नवाजुद्दीन सिद्दीकी, यहां ही मनाएंगे ईद और यहां से होगा फिल्म का प्रीमियर
Nawazuddin Siddiqui IN Muzaffarnagar बॉलीवुड एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुंबई से अपने मुजफ्फरनग में पुश्तैनी घर आ गए हैं।

नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसमें महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक है। देशभर में लॉकडाउन का चौथा चरण लागू हो गया है, जो अब 30 मई तक है। इसी बीच, दूसरे शहरों में रह रहे लोग अपने घरों की तरह जाने की कोशिश में लगे हैं और कई पहुंच गए हैं। अब इसमें बॉलीवुड एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी का नाम भी जुड़ गया है। जी हां, खबरें आ रही हैं कि एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी ईद मनाने के लिए अपने मुंबई से मुजफ्फरनगर पहुंच गए हैं।
अभी तक नवाजुद्दीन सिद्दीकी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक्टर मुंबई से अपने पुश्तैनी घर पहुंचे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि लॉकडाउन के बीच भी नवाज अपने मुजफ्फरनगर में अपने घर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि नवाज लॉकडाउन पास लेकर अपने घर लौटे हैं। सिने स्टार के साथ उनकी मां, भाई और भाभी भी मुंबई से आए हैं। सभी को प्रशासन ने 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया है।
नवाज को रास्ते में कई बार रोका भी गया और उनकी चेकिंग भी की गई थी। पुलिसकर्मियों ने कई स्थानों पर रोका और परिवार की थर्मल स्कैनिंग की और नवाज का परिवार मुंबई से कोरोना वायरस टेस्ट करवाने के बाद पहुंचे थे और सभी की रिपोर्ट नेगेटिव है। अब कुछ दिनों तक नवाज यहां ही रहेंगे। ऐसे में उनकी अपकमिंग फिल्म घूमकेतू का प्रीमियर भी उसी वक्त होगा, जब वो घर पर रहेंगे। बता दें कि उनकी फिल्म जी 5 पर 22 मई को रिलीज होने वाली है।
फिल्म का टीजर रिलीज हो चुका है और इस फिल्म में उनके साथ अनुराग कश्यप भी नज़र आएंगे। फिल्म में नवाज़ एक राइटर का किरदार निभा रहे हैं, जो स्ट्रगल करने के लिए मुंबई आता है और वहां उसकी एक स्क्रिप्ट गुम हो जाती है। फिल्म के टीजर को काफी पसंद किया जा रहा है, अब देखना है कि चार दिन बाद रिलीज होने वाली इस फिल्म को दर्शकों से कैसी प्रतिक्रिया मिलती है। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, रणबीर सिंह, सोनाक्षी सिन्हा की झलक भी देखने को मिल सकती है।
