सांसद नुसरत जहां और मिमी चक्रवर्ती का मां दुर्गा को समर्पित डांस, देखें वायरल वीडियो
Nusrat Jahan And Mimi Chakraborty Tribute To Maa Durga सांसद और अभिनेत्री नुसरत जहां और मिमी चक्रवर्ती का एक डांस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Nusrat Jahan And Mimi Chakraborty Tribute To Maa Durga: सांसद और अभिनेत्री नुसरत जहां और मिमी चक्रवर्ती का एक डांस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दोनों अभिनेत्रियां मां दुर्गा को समर्पित नृत्य कर रही हैं। 'अशे मां दुर्गा शे' (Ashey Maa Durga Shey) टाइटल के वीडियो को उनके फैंस खूब पसंद कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है।
लोकसभा चुनाव 2019 में बंगाल के बसीरहाट सीट से तृणमूल कांग्रेस की ओर से नुसरत जहां सांसद चुनी गईं, जबकि मिमी चक्रवर्ती जादवपुर सीट से सांसद हैं। यह दोनों स्टार बंगाली सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री हैं। हाल ही में एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें दोनों अभिनेत्रियां पारंपरिक नृत्य कर रही हैं। यह डांस वीडियो मां दुर्गा को समर्पित किया गया है।
पश्चिम बंगाल में आगामी दुर्गा पूजा पर्व को देखते हुए इस वीडियो को जारी किया गया है। 4 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक यह पर्व सेलीब्रेट किया जाता है। कैप्टन टीएमटी (Captain TMT) की ओर से जारी किए गए वीडियो को मां दुर्गा के लिए समर्पित किया गया है।
'अशे मां दुर्गा शे' टाइटल के इस वीडियो में बंगाली सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री सुभाश्री गांगुली भी नुसरत और मिमी चक्रवर्ती के साथ परफार्म करते दिख रही हैं। सोमवार को फेसबुक पर जारी किए गए इस वीडियो को अब तक 1.7 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं। 'अशे मां दुर्गा शे' वीडियो सांग को इंद्रदीप दास गुप्ता ने कंपोज किया है, जबकि बाबा यादव ने इसे कोरियोग्राफ किया है।