Mother's Day पर भावुक हुईं रिया चक्रवर्ती, मां के साथ तस्वीर शेयर कर कहा- 'मुझे याद है आपने मुझसे ये बोला था कि...'
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में रिया चक्रवर्ती का नाम आने के बाद से उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बना ली है। वह अब केवल खास मौकों पर ही सोशल मीडिया पर अपने फैंस के लिए पोस्ट्स साझा करती रहती हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। मदर्स डे के मौके पर बॉलीवुड के कई सितारे अपनी मां को याद कर रहे हैं। बहुत से सितारों ने सोशल मीडिया पर मां के साथ अपनी खास तस्वीरें और वीडियो साझा कर उन्हें आज के दिन को समर्पित किया है। इस बीच जिसकी सोशल मीडिया पोस्ट की चर्चा हो रही है वह बॉलीवुड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती हैं। रिया चक्रवर्ती सोशल मीडिया पर कम सक्रिय रहती हैं, लेकिन उनकी नई पोस्ट हमेशा चर्चा में रहती हैं।
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में रिया चक्रवर्ती का नाम आने के बाद से उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बना ली है। वह अब केवल खास मौकों पर ही सोशल मीडिया पर अपने फैंस के लिए पोस्ट्स साझा करती रहती हैं। मदर्स डे के मौके पर रिया चक्रवर्ती ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मां के साथ अपनी एक थ्रोबैक तस्वीर साझा की है।
यह तस्वीर अभिनेत्री के बचपन की है। तस्वीर में रिया चक्रवर्ती अपनी मां को केक खिलाती हुई दिखाई दे रही हैं। तस्वीर देखकर साफ कहा जा सकता है कि यह उनकी जन्मदिन पार्टी की तस्वीर है। इस तस्वीर को साझा करते हुए रिया चक्रवर्ती ने मां के लिए खास पोस्ट लिखा है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने उन बातों को याद किया जो रिया चक्रवर्ती की मां ने उन्हें सिखाई हैं।
रिया चक्रवर्ती ने पोस्ट में लिखा, 'मेरी खूबसूरत मां, मुझे याद है आपने मुझसे ये तब कहा था जब मैं छोटी बच्ची थी- तुम्हारे अंदर खुशी है, इसको बाहर मत ढूंढो। आपने कहा था-अपने दिल में प्यार को ढूंढों और तुम हमेशा एक हैप्पी गर्ल रहोगी। यह मेरे साथ पूरे जीवन रहा मां, मैं वादा करती हूं मैं अपनी पूरी कोशिश कर रही हूं। सभी मांओं को मदर्स डे की शुभकामनाएं, हम आपको प्यार करते हैं।'
सोशल मीडिया पर रिया चक्रवर्ती का यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। इससे पहले रिया चक्रवर्ती रिटायर्ड कर्नल एस. सुरेश कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करने की वजह से चर्चा में थीं। कर्नल एस. सुरेश कुमार का कोरोना महामारी से निधन हो गया था। कर्नल एस. सुरेश कुमार सेवानिवृत्त थे और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित थे। उन्हें रिया चक्रवर्ती ने श्रद्धांजलि भी दी था। रिया चक्रवर्ती ने कर्नल एस. सुरेश कुमार की एक तस्वीर भी शेयर की थी।