बॉलीवुड में बदल रहा रिवाज़, छोटे हीरो संग 'बड़ी' हीरोइन की बढ़ी डिमांड
बढ़ती उम्र की नायिकाओं के लिए दर्शकों की स्वीकार्यता बढ़ती जाए तो नायिकाओं के करियर का अंतराल कुछ साल और बढ़ सकता है।
मुंबई। किसी भी फ़िल्म में एक्टर और एक्ट्रेसेज़ की जोड़ी सबसे ज़्यादा अहमियत रखती है। कहानी और किरदार की ज़रूरतों के मद्देनज़र जोड़ियों का चयन किया जाता है। भारतीय दर्शक की मानसिकता और समझ को ध्यान में रखते हुए आम तौर पर हीरो के समक्ष कम उम्र की हीरोइन को चुने जाने का रिवाज़ रहा है। इस रिवाज़ का पालन इतनी शिद्दत से किया जाता है कि हिंदी सिनेमा का हीरो अगर हीरोइन से उम्र में दशक-दो दशक बड़ा भी है तो दर्शक स्वीकार करने में कोई नख़रा नहीं दिखाते।
कुछ सुपरस्टार्स के केस में आज भी ये स्वीकार्यता देखी जा सकती है। सलमान ख़ान, अक्षय कुमार, अजय देवगन, शाह रुख़ ख़ान और आमिर ख़ान जैसे सितारे आज भी अपनी फ़िल्मों में अपने से कई साल छोटी अभिनेत्रियों के साथ रोमांस करते देखे जा सकते हैं। तब भी, जबकि कहानी में स्त्री-पुरुष किरदारों के बीच उम्र के इस फ़ासले की कोई ज़रूरत नहीं होती।
इसके पीछे वजह ये होती है कि पुरुष अभिनेता का नायक के तौर पर करियर लंबा होता है, जबकि अभिनेत्रियों का करियर बतौर नायिका एक या डेढ़ दशक से अधिक नहीं चलता। अभिनेत्रियों की नई पीढ़ी आकर पुरानी की जगह ले लेती है, और फ़िल्मकार दर्शकों को नयापन देने के लिए पुराने नायकों के साथ नई पीढ़ी की जोड़ी बनाने लगते हैं। मगर, इसका उल्टा रिवाज़ भी सिनेमा में देखा जाता रहा है, जब फ़िल्म में नायिका अपने से कम उम्र के हीरो के साथ पर्दे पर रोमांस करते नज़र आती है। कुछ मामलों में इसे कहानी की मांग बताकर जस्टिफाई किया जाता है, तो कई मामलों में महज़ नयेपन के लिए जोड़ी बना दी जाती है। ऐसी ही जोड़ियों की चर्चा इस लेख में...
ख़बर है कि मनोज कुमार और साधना की 1964 की क्लासिक वो कौन थी को रीमेक किया जा रहा है। इस फ़िल्म के लिए निर्माता शाहिद कपूर और ऐश्वर्या राय बच्चन को मुख्य किरदारों के लिए लेने की योजना बना रहे हैं। शाहिद और ऐश्वर्या के बीच 7 साल का फ़ासला है। शाहिद अभी 37 साल के हैं, जबकि ऐश 44 की हो चुकी हैं। दिलचस्प बात ये भी है कि ऐश्वर्या राय की फ़िल्म ताल के एक गाने में शाहिद बैकग्राउंड डांसरों की पंक्ति में खड़े दिखायी दिये थे। सिल्वर स्क्रीन पर शाहिद की वो पहली उपस्थिति थी।
फ़न्ने ख़ान में राजकुमार राव ऐश्वर्या के साथ पर्दे पर दिखेंगे, जो ऐश से 11 साल छोटे हैं। अपनी इस भूमिका को लेकर राव काफ़ी उत्साहित हैं। माना जा रहा है कि नायक-नायिका के बीच उम्र का ये अंतर फ़न्ने ख़ान की कहानी की मांग के आधार पर है। आपको याद होगा 2016 में ऐश्वर्या राय और रणबीर कपूर की केमिस्ट्री काफ़ी चर्चा में रही थी। करण जौहर की फ़िल्म ऐ दिल है मुश्किल में ऐश और रणबीर के ऑनस्क्रीन रोमांस ने उम्र के फ़ासले को मिटा दिया था। रणबीर ऐश से 9 साल छोटे हैं। वैसे अपने करियर के पुराने दौर में भी ऐश ने कम उम्र अभिनेताओं के साथ रोमांस किया है। फिर चाहे वो रितिक रोशन हों या ऐश्वर्या के एक्स-बॉयफ्रेंड विवेक ओबेरॉय या फिर पति अभिषेक बच्चन।
हाल ही में रेमो डिसूज़ा ने अपनी अगली अनाम डांस फ़िल्म का एलान किया है, जिसमें वरुण धवन के साथ कटरीना कैफ़ को लिया गया है। ग़ौरतलब है कि वरुण और कटरीना की उम्र में 4 साल का अंतर है। वरुण 30 के हैं, जबकि कटरीना 34 साल की हो चुकी हैं। वैसे कटरीना कैफ़ पहले भी ख़ुद से छोटे अभिनेताओं के साथ जोड़ी बनाती रही हैं। बार बार देखो में कटरीना एक साल छोटे सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ दिखीं तो फ़ितूर में वो दो साल छोटे आदित्य रॉय कपूर के साथ रोमांस करती दिखीं।
वरुण पहले भी अपने से कुछ साल बड़ी अभिनेत्रियों के साथ पर्दे पर जोड़ी जमा चुके हैं। मैं तेरा हीरो में नर्गिस फ़ाखरी के साथ वरुण ने ख़ूब रोमांस किया और गाने गाये। नर्गिस, वरुण से 8 साल बड़ी हैं। नर्गिस ने तो डेब्यू ही अपने से कम उम्र के हीरो के साथ किया था। इम्तियाज़ अली की फ़िल्म रॉकस्टार में नर्गिस तीन साल छोटे रणबीर कपूर की हीरोइन बनीं। जुड़वां 2 में वरुण ने जैकलीन फ़र्नांडिस के साथ जोड़ी जमायी, जो उनके 2 साल बड़ी हैं। जैकलीन और वरुण की उम्र में महज़ दो साल का अंतर है, मगर जैकलीन अ फ्लाइंग जट में ख़ुद से 5 साल छोटे टाइगर श्रॉफ़ की हीरोइन बन चुकी हैं।
उड़ता पंजाब में करीना कपूर की जोड़ी पंजाबी फ़िल्मों के एक्टर दिलजीत दोसांझ के साथ बनीं। दिलजीत बेबो से 3 साल छोटे हैं। वहीं, आर बाल्की की फ़िल्म की एंड का में करीना और अर्जुन कपूर ने पति-पत्नी का रोल निभाया। करीना, अर्जुन से 5 साल बड़ी हैं। इससे पहले गोरी तेरे प्यार में और एक मैं और एक तू में करीना 3 साल छोटे इमरान ख़ान के साथ पर्दे पर रोमांस करती दिख चुकी हैं। नायक-नायिका के बीच उम्र का फ़ासला बॉबी जासूस में भी साफ़ नज़र आया, जबकि विद्या बालन के समक्ष 8 साल छोटे अली फ़ज़ल खड़े हुए। ये जोड़ी को बेमेल माना गया।
विद्या इससे पहले द डर्टी पिक्चर, घन चक्कर और हमारी अधूरी कहानी में इमरान हाशमी के साथ प्रेमिका और पत्नी के किरदारों में दिखती रही हैं, जो उनसे एक साल छोटे हैं। हमारी अधूरी कहानी में विद्या के पति के किरदार में राजकुमार राव दिखे, जो विद्या से 6 साल छोटे हैं। किस्मत कनेक्शन में विद्या ख़ुद से 3 साल छोटे शाहिद के साथ नज़र आ चुकी हैं। इस जोड़ी को भी बेमेल कहा गया था।
बिपाशा बसु के पति करण सिंह ग्रोवर की उम्र उनसे तीन साल कम है और दोनों एलोन में साथ आ चुके हैं। प्रियंका चोपड़ा, गुंडे में रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर के साथ दिखीं। ये दोनों अभिनेता उनसे तीन साल छोटे हैं। रणवीर के साथ प्रियंका बाजीराव मस्तानी में पत्नी काशीबाई के रोल में फिर आयीं। अगर, बढ़ती उम्र की नायिकाओं के लिए दर्शकों की स्वीकार्यता बढ़ती जाए तो नायिकाओं के करियर का अंतराल कुछ साल और बढ़ सकता है।