अंतरिक्ष में भी पहुंच रहा बॉलीवुड, ये फिल्में बता रही हम भी हॉलीवुड से कम नहीं
Mission Mangal Poster Released बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म मिशन मंगल का दूसरा पोस्टर रिलीज हो गया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारत लगातार अंतरिक्ष में छलांग मार रहा है। इसरो ने अंतरिक्ष में कई सैटेलाइट भेजे हैं और जल्द ही भारत चंद्रयान मिशन के जरिए चांद की जमीन पर पहुंचने वाला है। वहीं 'अंतरिक्ष' तक अपने कदम पहुंचाने में भारत का सिनेमा भी पीछे नहीं है। अब साइंस, अंतरिक्ष आधारित फिल्मों से दूर रहने वाले भारतीय सिनेमा में भी अंतरिक्ष की फिल्मों की एंट्री हो चुकी है। अगले महीने फिल्म मिशन मंगल रिलीज होने वाली है, जिसे स्पेस बेस्ड पहली भारतीय फिल्म माना जा रहा है। ऐसे में जानते हैं कैसे भारत का सिनेमा 'अंतरिक्ष' की ओर कदम बढ़ा रहा है और कौन-कौन सी फिल्में दर्शकों को आकाशीय दुनिया से रूबरू करवाएंगी...
मिशन मंगल- बॉलीवुड की तरह से मिशन मंगल के जरिए अंतरिक्ष में एंट्री हो रही है। अक्षय कुमार की फिल्म मिशन मंगल 15 अगस्त पर रिलीज हो रही है। फिल्म में अक्षय इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (इसरो) के एक सीनियर साइंटिस्ट का रोल निभा रहे हैं जिन्होंने मंगल मिशन में मार्स ऑर्बिटर पर काम किया था। फिल्म की कहानी अंतरिक्ष में भारत के पहले मंगल यान को भेजने के मिशन पर आधारित है। इस मिशन की सफलता को पूरे देश ने सेलिब्रेट किया था, मगर इस मिशन को अंजाम देने वालों ने किन परिस्थितियों में इसे अंजाम दिया, उसकी कहानी पहली बार मिशन मंगल के जरिए सबके सामने आएगी।
राकेश शर्मा की बायोपिक
खबरें आई थीं कि अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले पहले भारतीय राकेश शर्मा की बायोपिक बनने वली है। खबर ये भी आई थीं कि राकेश शर्मा की भूमिका फिल्म में शाहरुख खान निभा सकते हैं। सैल्यूट नाम की इस फिल्म को रॉनी स्क्रूवाला और सिद्धार्थ रॉय कपूर प्रोड्यूस करेंगे। हालांकि उसके बाद एसआरके के फिल्म में काम ना करने को लेकर संशय बना हुआ है और अभी डेट और शूटिंग की जानकारी सामने नहीं आई है।
चंदा मामा दूर के
फिल्म चंदा मामा दूर के भले ही ठंडे बस्ते में चली गई है, लेकिन बताया जा रहा है कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अंतरिक्ष पर एक फिल्म जरूर बनाएंगे। पहले खबरें आई थीं कि सुशांत सिंह राजपूत 'चंदा मामा दूर के' के लिए तैयारी कर रहे हैं और फिल्म में उनके साथ एक्टर आर. माधवन भी नजर आने वाले थे। लेकिन फिर खबरें आईं कि सुशांत ने डेट्स की प्रोब्लम के चलते इस फिल्म से अपनी दूरी बना ली है।
'अंतरिक्षम- 9000 किमी प्रति घंटा'
फिल्म 'अंतरिक्षम- 9000 किमी प्रति घंटा' पिछले साल रिलीज हो चुकी है। यह फिल्म तेलुगु में बनी और संकल्प रेड्डी ने इसे डायरेक्ट किया है। तेलुगु सिनेमा की यह पहली स्पेस फिल्म है। फिल्म रिलीज हुई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई और फिल्म की लागत भी अधिक होने की वजह से फिल्म को ज्यादा फायदा नहीं हुआ।
'टिक टिक टिक'
इससे पहले 'टिक टिक टिक' शीर्षक से तमिल सिनेमा में भी स्पेस फिल्म बनाई जा चुकी है, जो साल 2018 रिलीज हुई थी। इस फिल्म को भारत की पहली स्पेस फिल्म के तौर पर प्रचारित किया गया। फिल्म में जयराम रवि आरून अजीज और निवेता पेतुराज ने मुख्य किरदार निभाए थे। फिल्म को शक्ति सुंदर राजन ने निर्देशित किया था।