नील नितिन मुकेश ने अपने दादा मुकेश को यूं किया अपनी शादी में शामिल!
रिसेप्शन की बात करें तो 17 फरवरी को मुंबई के एक फाइव स्टार होटल में बॉलीवुड की सभी बड़ी हस्तियों को न्यौता दिया जाएगा।
मुंबई। शादियों के इस मौसम में बॉलीवुड का भी यह चार्मिंग डूड दूल्हा बनने जा रहा है। आपको बता दें कि एक्टर नील नितिन मुकेश 9 फरवरी को मुंबई की रहने वाली रुक्मिणी सहाय के साथ सात फेरे लेने जा रहे हैं। अपने दौर के मशहूर गायक मुकेश के पोते नील ने शादी के कार्ड पर मुकेश के गाये कुछ गानों का जिक्र किया है और इस तरीके से उन्होंने अपने दादा को अपनी शादी में शामिल कर लिया है।
पिछले साल अक्टूबर में सगाई होने के बाद ही नील ने मीडिया का बताया था कि वो फरवरी में शादी करेंगे। तो अब शादी की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं और दोनों ही उदयपुर में तैयारियों में जुटे है। ख़बर है कि शादी में करीब 500 गेस्ट शामिल होगें जिसमें सभी परिवार के और करीबी लोग हैं। शादी की रस्में 7 फरवरी से शुरू हो जाएंगी जिसमें सगाई, मेंहदी और संगीत शामिल है। बाकी सभी रस्में 9 फरवरी को होंगी। रिसेप्शन की बात करें तो 17 फरवरी को मुंबई के एक फाइव स्टार होटल में बॉलीवुड की सभी बड़ी हस्तियों को न्यौता दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: मधुर भंडारकर के इस 'गांधी' को हैप्पी बर्थडे नहीं कहेंगे?
नील और रुक्मिणी की शादी का कार्ड भी कई मायनों में खास है। बॉलीवुड की बाकी सेलिब्रिटीज की तरह इस जोड़ी ने भी कुछ अलग किया है। चूंकि नील महान सिंगर मुकेश के पोते हैं तो उनको याद करते हुए कार्ड में मुकेश के कई मशहूर गानों का जिक्र हुआ है। नील नितिन इनदिनों मधुर भंडारकर की फ़िल्म 'इंदु सरकार' की शूटिंग भी कर रहे हैं।