Me Too का सदमा: यौन उत्पीड़न के आरोपी अनिर्बन ने किया आत्महत्या का प्रयास
ट्रैफिक पुलिस ने बाद में उन्हें मुंबई पुलिस को सौंप दिया और मुंबई पुलिस ने उनके परिवार जनों को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया।
रुपेशकुमार गुप्ता, मुंबई। कलाकारों के काम को संभालने वाली एजेंसी क्वान से यौन शोषण के आरोपों में हटाये गए अनिर्बन ब्लाह ने मुंबई के पास वाशी के ब्रिज से कूद कर आत्महत्या करने का प्रयास किया है।
जानकारी के मुताबिक जैसे ही यह खबर वहां के स्थानीय ट्रैफिक पुलिस को मिली उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए अनिर्बन को बचा लिया। गौरतलब है कि अनिर्बन ब्लाह पर कई महिलाओं ने यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। जिसके बाद उन्हें उनके पद से हटा दिया गया है। हालांकि उनके ऑफिस में काम कर रही महिलाओं का यह भी कहना है कि अभी उन्हें पद से हटाया नहीं गया है बल्कि कुछ समय के लिए दूर कर दिया गया है।
इस बारे में बताते हुए वाशी ट्रैफिक पुलिस ने कहा 'हमें यह सूचना मिली की एक युवा वाशी ब्रिज पर आत्महत्या करने की कोशिश में आगे बढ़ रहा है। हम कोई खतरा मोल नहीं ले सकते थे इसलिए हमने पहले से ही जाल बिछा दिया था। अनिर्बन ब्लाह को उस समय पुलिस ने पकड़ा जब वह बैरिकेड पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे ताकि वह छलांग लगाकर आत्महत्या कर सके। वह रो रहे थे और काफ़ी डिप्रेस थे। पुलिस उन्हें बाद में पुलिस चौकी ले गई और उन्होंने उन्हें पीने के लिए पानी दिया और उनसे बात करने का प्रयत्न किया। जिस पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी कि वह महिलाओं द्वारा उन पर लगाए गए MeToo अभियान के अंतर्गत यौन प्रताड़ना से दुखी हैं। इस अभियान के चलते उनकी और उनके परिवार की बहुत बदनामी हुई है।
गौरतलब है कि अनिर्बन ब्लाह के अलावा आठ अन्य सदस्यों ने मिलकर क्वान एंटरटेनमेंट की स्थापना की थी। चार महिलाओं ने अनिर्बन ब्लाह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है जिसके बाद उन्हें उनके पद से हटा दिया गया है। उन पर पुलिस में किसी भी प्रकार का कोई मामला दर्ज नहीं किया। ट्रैफिक पुलिस ने बाद में उन्हें मुंबई पुलिस को सौंप दिया और मुंबई पुलिस ने उनके परिवार जनों को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया।
यह भी पढ़ें: Me Too: फिल्मकार विपुल अमृतलाल शाह पर भी यौन उत्पीड़न के आरोप