Exclusive: आशुतोष राणा के बाद अभिषेक चौबे की फिल्म में होगी मनोज बाजपेयी की एंट्री
उड़ता पंजाब के बाद अभिषेक की यह अगली फिल्म होगी और फिल्म जल्द ही फ्लोर पर जाएगी।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। अभिषेक चौबे अपनी नई फिल्म की तैयारियों में जुट चुके हैं। सुशांत सिंह राजपूत और भूमि पेडनेकर के साथ वह अपनी अगली फिल्म बनाने जा रहे हैं।
हाल ही में हमने आपको जानकारी दी थी कि इस फिल्म में आशुतोष राणा अहम किरदार निभाने जा रहे हैं। अब नई ख़बर के अनुसार इस फिल्म में मनोज बाजपेयी भी अहम किरदार निभा सकते हैं। जी हां, फिल्म में उनका होना तय इस लिहाज से भी माना जा सकता है कि मुंबई के एक क्लब में मनोज अभिषेक के साथ स्क्रिप्ट सेशन में नज़र आए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सभी इसी फिल्म की रीडिंग सेशन के लिए एकत्रित हुए हैं। यही नहीं मनोज के अलावा रणवीर शौरी और आशुतोष राणा भी फिल्म की रीडिंग सेशन के लिए एक साथ बात करते नज़र आए हैं। इससे स्पष्ट है कि अभिषेक की फिल्म में ये चेहरे जरूर नज़र आएंगे। हालांकि अब तक फिल्म के नाम की घोषणा नहीं हुई है। आशुतोष राणा के यादगार किरदारों में संघर्ष और दुश्मन जैसी फिल्में रही हैं। पिछले दिनों वह हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया में नज़र आये थे और ब्रदर्स जैसी फिल्मों का भी वह हिस्सा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बत्ती गुल मीटर चालू:शाहिद कपूर अगले साल इस दिन भरेंगे 'बिजली का बिल'
बता दें कि उड़ता पंजाब के बाद अभिषेक की यह अगली फिल्म होगी और फिल्म जल्द ही फ्लोर पर जाएगी। ख़बर है कि सुशांत को भी मेकर्स फिल्म में अलग ही अंदाज़ में प्रस्तुत करने वाले हैं। फिल्म का निर्माण रॉनी स्क्रूवाला कर रहे हैं।