5 साल पहले बनकर तैयार था यह गीत, पढ़िए म्यूजिक डायरेक्टर मनन शाह से खास बातचीत
नमस्ते इंग्लैंड सहित कई फिल्मों में मनन शाह ने म्यूजिक दिया है।
मुंबई। आज के दौर में सिनेमा और सिनेमा के साथ संगीत बदला है। लेकिन जो जड़ है उसको ध्यान में रखकर नए संगीत की बात की जाए तो वह कर्णप्रिय होता है। इंडियन क्लासिकल म्यूजिक के बिना किसी भी प्रकार का बॉलीवुड म्यूजिक अधूरा है। इसलिए मैंने हमेशा यह कोशिश की है कि फिल्म में म्यूजिक देते समय इंडियन क्लासिकल म्यूजिक के ज्यादातर एलिमेंट्स का उपयोग कर सकूं। यह कहना है म्यूजिक डायरेक्टर मनन शाह का जिन्होंने हालिया फिल्म नमस्ते इंग्लैंड का म्यूजिक दिया है। जागरण डॉट कॉम से खास बातचीत में मनन शाह ने सिनेमा में म्यूजिक और म्यूजिक डायरेक्शन को लेकर बात की।
मनन बताते हैं कि नमस्ते इंग्लैंड का गीत तेरे लिए दरअसल पांच साल पहले लिखा गया था। यह गाना किसी और फिल्म के लिए लिखा गया था लेकिन इस फिल्म अब जाकर शामिल किया गया। इसके पीछे की कहानी मनन बताते हैं कि, जावेद साहब से इसका जुड़ाव है। वे बताते हैं कि इस गीत को जावेद अख्तर साहब ने पांच साल पहले लिखा था और कंपोजिशन भी हो चुकी थी। लेकिन किन्ही कारणों से गीत फिल्म में शामिल नहीं हो पाया था।जावेद साहब के साथ काम करने का अनुभव अलग है और हमेशा यादगार है।
मनन शाह फिल्म नमस्ते इंग्लैंड के बारे में बताते हैं कि, इसमें इंडियन क्लासिकल एलिमेंट्स का उपयोग करने की पूरी कोशिश की गई थी। खास तौर पर राग का समावेश है। मनन कहते हैं कि, इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में पंचम दा, प्रीतम दा, रहमान और शंकर एहसान लॉय ने हमेशा से अपने म्यूजिक में इंडियन क्लासिकल म्यूजिक को ज्यादा अहमियत दी है। तभी तो ये म्यूजिक डायरेक्टर्स हर प्रकार का म्यूजिक बना रहे हैं।
मनन ने फिल्मों के गीतों को लेकर कहा है कि, इन दिनों फिल्मों में फीमेल सोलो की कमी नजर आती है। ज्यादातर मेल सोलो ही देखने सुनने को मिलते हैं। इसलिए हमने नमस्ते इंग्लैंड में खास तौर पर फीमेल सोलो को शामिल किया है। फीमेल सोलो की बात करें तो फिल्म दंगल में गिलहरिया गीत था। वहीं, सत्यमेव जयते में दिलबर सॉन्ग को रीक्रिएट किया गया था। शुभ मंगल सावधान में कान्हा गीत फीमेल सोलो के बेहतरीन उदाहरण हैं।
रिएलिटी शो अच्छा प्लेटफॉर्म
मनन बताते हैं कि, रिएलिटी शो एक अच्छा प्लेटफॉर्म है जिसमें आप अपने टैलेंट के बदौलत सफलता का मुकाम हासिल कर सकते हैं और पूरी दुनिया को आपके हुनर से परिचय करवा सकते हैं। अगर बात करें नए म्यूजिक डायरेक्टर्स की तो इन रिएलिटी शो से ही तलाश पूरी होती है। नए अच्छे म्यूजिक डायरेक्टर्स यहां से भी मिलते हैं।
यह भी पढ़ें: मलाइका अरोड़ा और अर्जुन कपूर को लेकर अब हो रही है यह चर्चा
यह भी पढ़ें: इरफ़ान खान को लेकर अाई है खुशखबरी, जल्द होगी वापसी