महेश मांजरेकर ने कसा शाह रुख खान पर तंज, बोले- 'वो अपने टैलेंट के साथ न्याय नहीं कर रहे'
महेश मांजेकर ने हिंदी के अलावा मराठी सिनेमा का भी निर्देशन किया है। इसके अलावा वो कई फिल्मों में एक्टिंग भी कर चुके हैं। वहीं हाल ही में फिल्म अंतिम के प्रमोशन के दौरान दिए एक इंटरव्यू में महेश मांजरेकर ने शाह रुख खान पर तंज कसा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। सलमान खान और उनकी पूरी टीम इस समय फिल्म 'अंतिम' का प्रमोशन करने में लगी हुई है। इसी कड़ी में फिल्म के निर्देशक महेश मांजरेकर भी फिल्म 'अंतिम' के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। महेश मांजेकर ने हिंदी के अलावा मराठी सिनेमा का भी निर्देशन किया है। इसके अलावा वो कई फिल्मों में एक्टिंग भी कर चुके हैं। वहीं हाल ही में फिल्म अंतिम के प्रमोशन के दौरान दिए एक इंटरव्यू में महेश मांजरेकर ने शाह रुख खान पर तंज कसा है।
महेश मांजरेकर ने हाल ही में ई-टाइम्स के साथ खास बातचीत की है। महेश मांजरेकर अभिनेता सलमान खान के काफी करीबी हैं। सलमान खान के साथ महेश मांजरेकर ने कई फिल्मों में भी काम किया है। हाल ही में इंटरव्यू के दौरान महेश ने शाह रुख खान के बारे में बात की है। महेश मांजरेकर ने कहा कि, 'मुझे लगता है कि एक एक्टर है जो अपने टैलेंट के साथ न्याय नहीं कर रहा है वो है शाह रुख खान। समस्या यह है कि वो अपनी शेल को तोड़ना नहीं चाहते। वो अपनी आरामदायक शेल में रहना चाहते हैं। उनकी लवर ब्वॉय वाली इमेज है, वो फिल्में चली हैं इसलिए वह उसी आरामदाक शेल में रहना चाहते हैं।'
आगे महेश मांजरेकर ने कहा कि, 'अब उन्हें अपनी उस शेल को तोड़ने की जरूरत है। शाह रुख वो कर रहे हैं जो आज के दौर के एक्टर रणवीर सिंह और रणबीर कपूर कर रहे हैं। तो लोग शाह रुख खान की फिल्में क्यों देखेंगे? लोग शाह रुख खान को ऐसे रोल में देखना चाहते हैं जिसे देखकर वो कह सकें ये रोल शाह रुख का था। आगे भी राइट है, सब राइट है। मुझे ऐसा लगता है कि उन्हें आउट ऑफ द बॉक्स कुछ करना चाहिए और वो इसे भी बेहतरीन तरीके से करेंगे। वो कमाल के एक्टर हैं।'
बता दें कि फिल्म 'अंतिम' सिनेमाघरों में 26 नवंबर को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा मुख्य किरदार में नजर आ रहे हैं। तो वहीं सलमान खान भी अहम किरदार में हैं। फिल्म के हाल ही में दो गाने रिलीज किए गए है। 1 नवंबर को फिल्म का गाना 'भाई का बर्थडे' रिलीज किया गया। फिल्म के सभी गाने और ट्रेलर को लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। तो वहीं दर्शकों को फिल्म का बेसब्री से इंतजार भी है।