The White Tiger: प्रियंका चोपड़ा को राजकुमार ने बताया ऐसी एक्ट्रेस, नेटफ्लिक्स ओरिजिनल में साथ कर रहे हैं काम
The White Tiger Adaptation प्रियंका ने इन नये प्रोजेक्ट्स को लेकर अपनी ख़ुशी ज़ाहिर की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा था- दोनों प्रोजेक्ट्स मेरे लिए दिन और रात की तरह हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। मेड इन चाइना में गुजराती बिज़नेसमैन बने राजकुमार राव जल्द प्रियंका चोपड़ा के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करने वाले हैं। प्रियंका और राजकुमार राव एक नेटफ्लिक्स ओरिजिनल में साथ आ रहे हैं, जो अरविंद अडिगा की किताब द व्हाइट टाइगर का अडेप्टेशन है।
इस फ़िल्म को लेकर राजकुमार काफ़ी उत्साहित हैं। मेड इन चाइना के ट्रेलर लांच इवेंट में राव ने कहा कि उन्होंने यह किताब पढ़ी है और इसके लिए वो काफ़ी एक्साइटेड हैं। यह एक बेहतरीन कहानी है। राजकुमार ने निर्देशक रमीम बहरानी की भी काफ़ी तारीफ़ की। प्रियंका के साथ पहली बार काम करने को लेकर राजकुमार ने कहा कि वो बहुत टैलेंटेड एक्ट्रेस हैं। इसलिए मुझे लगता है कि उनका साथ बेहतरीन रहेगा। नेटफ्लिक्स ने फ़िल्म का एलान कुछ दिन पहले किया था।
.@priyankachopra and @RajkummarRao in a Netflix adaptation of Aravind Adiga's The White Tiger.
BRB, flipping out.— Netflix India (@NetflixIndia) September 4, 2019
प्रियंका इसके अलावा नेटफ्लिक्स के लिए वी कैन बी हीरोज़ में काम कर रही हैं। फ़िल्म से प्रियंका बतौर एक्ज़ीक्यूटिव प्रोड्यूसर भी जुड़ी हैं। प्रियंका ने इन नये प्रोजेक्ट्स को लेकर अपनी ख़ुशी ज़ाहिर की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा था- दोनों प्रोजेक्ट्स मेरे लिए दिन और रात की तरह हैं।
मेड इन चाइना की बात करें तो फ़िल्म में राजकुमार राव के साथ मौनी रॉय फीमेल लीड रोल में हैं। यह फ़िल्म इसी साल दिवाली पर रिलीज़ होने वाली है। राजकुमार कंगना रनौत के साथ जजमेंटल है क्या में नज़र आ चुके हैं।