Lipstick Under My Burkha से होगी न्यूयॉर्क इंडियन फ़िल्म फेस्टिवल की ओपनिंग
फ़िल्म टोक्यो और मुंबई फ़िल्म फेस्टिवल्स में दिखाई जा चुकी है, जहां इसे लिंग समानता पर बेस्ट फ़िल्म के लिए स्प्रिट ऑफ़ एशिया प्राइज़ और ऑक्सफेम आवॉर्ड से नवाज़ा गया है।
मुंबई। देश में सेंसर बोर्ड सर्टिफिकेट के लिए जूझ रही फ़िल्म 'Lipstick Under My Burkha' 17वें न्यूयॉर्क इंडियन फ़िल्म फेस्टिवल की ओपनिंग सेरेमनी में दिखाई जाएगी। फेस्टिवल 30 अप्रैल से शुरू हो रहा है।
इस फेस्टिवल को आयोजित करने वाली संस्था इंडो-अमेरिकन आर्ट्स काउंसिल के एक्ज़ीक्यूटिव एंड आर्टिस्टिक निदेशक अरूण शिवदसानी ने भारत में फ़िल्म को सर्टिफिकेट से इंकार करने को दुखद बताया है। PTI से बातचीत में शिवदसानी ने कहा- "दुनियाभर में हर मोर्चे पर महिलाएं बराबरी की लड़ाई लड़ रही हैं। भारतीय समाज को महज़ होंठ हिलाने से आगे बढ़कर इस कांसेप्ट को समझने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि फ़िल्म में दर्शाए गए महिला चरित्र सेक्सुएलिटी की चाहत और अभिव्यक्ति की आज़ादी की बात करते हैं, जो सामान्य है मगर आज़ादी के वो लम्हें भी उन्हें चुराने पड़ते हैं।''
इसे भी पढ़ें- मुगल में अक्षय कुमार निभाएंगे गुलशन कुमार का रोल
उन्होंने इस बात को लेकर भी सवाल उठाए कि औरतों को अपनी ख़वाहिशें क्यों दबानी पड़ती हैं, जबकि मर्द जो चाहे करने के लिए आज़ाद होते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि 'लिपस्टिक अंडर माई बुर्का' लोगों को सच्चाई से रू-ब-रू कराएगी और वो महिलाओंं की इच्छाओं को समझ सकेंगे।
इसे भी पढ़ें- ऐसा क्या हुआ कि बाहुबली को 9 घंटे पहले लेनी पड़ी इमरजेंसी एंट्री
अलंकृता श्रीवास्तव डायरेक्टिड फ़िल्म टोक्यो और मुंबई फ़िल्म फेस्टिवल्स में दिखाई जा चुकी है, जहां इसे लिंग समानता पर बेस्ट फ़िल्म के लिए स्प्रिट ऑफ़ एशिया प्राइज़ और ऑक्सफेम आवॉर्ड से नवाज़ा गया है। बताते चलें कि सीबीएफसी ने फ़िल्म को ये कहते हुए सर्टिफिकेट देने से इंकार कर दिया है, कि ये कुछ ज़्यादा ही महिला प्रधान फ़िल्म है।
इसे भी पढ़ें- कंगना रनौत के बाद अब भाई-भतीजावाद पर बोलीं अनुष्का शर्मा
फेस्टिवल में 44 शॉर्ट फ़िल्मों, डॉक्यूमेंट्रीज़ और फ़ीचर फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही हिंदी सिनेमा के वेटरन एक्टर स्वर्गीय ओम पुरी को कोंकणा सेन शर्मा की फ़िल्म ए डेथ इन द गंज के ज़रिए श्रद्धांजलि दी जाएगी। प्रियंका चोपड़ा की होम प्रोडक्शन फ़िल्म वेंटिलेटर और सरवन को भी दिखाया जाएगा।