लाइट्स कैमरा एक्शन: सुनील कपूर से ऐसे बने शक्ति कपूर, इस मशहूर अभिनेता ने रखा था नाम
लाइट्स कैमरा एक्शन में इस बार देखिए शक्ति कपूर से खास बातचीत। शक्ति कपूर ने प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ से जुड़े कई राज खोले।
मुंबई। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध अभिनेता शक्ति कपूर का नाम सिनेमा की दुनिया में आने से पहले सुनील कपूर था। अपने नाम को लेकर यह राज खुद शक्ति कपूर ने खोला है। लाइट्स कैमरा एक्शन शो में जागरण डॉट कॉम के एंटरटेनमेंट एडिटर पराग छापेकर ने खास बातचीत में शक्ति कपूर ने अपने फिल्मी सफर को लेकर कई राज खोले और अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के बारे में बातचीत की।
शक्ति कपूर ने बताया कि, फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले मेरा नाम सुनील कपूर था। लेकिन दत्त साहब की जब मुझ पर निगाह पड़ी तो उन्होंने यह कहा था कि मेरा कैरेक्टर रोमांटिक नहीं हो सकता। हां, गुडलुकिंग विलेन जरूर हो सकता हूं। लेकिन उन्हें यह भी लगा था कि, सुनील कपूर नाम रोमांटिक और कमजोर लगता है जो विलेन पर सूट नहीं करता। इसलिए दत्त साहब ने मुझे शक्ति नाम दिया। शुरुआत के करीब 6 महीनों तक तो मैंने बिना नाम के काम किया था। इसके बाद मैंने दत्त साहब से कहा था कि, मेरा नाम तो अनाउंस कर दो। उन्होंने फिर नाम सबके सामने अनाउंस किया और इस नाम के कारण और दत्त साहब के आशीर्वाद की वजह से मेरा करियर बन गया।
शक्ति कपूर आगे कहते हैं कि, हमारी इंडस्ट्री में कई कलाकार हैं जिन्हें अनकी अलग-अलग बातों के लिए पहचाना जाता है। किसी को आवाज से पहचाना जाता है। किसी को उनकी चाल से तो किसी को उनके डायलॉग्स से। मैंने कितने कार्यक्रमों में देखा है कि, कभी कोई क्राइम मास्टर गोगो बन जाता है तो कभी कुछ। फिल्म तोहफा में जो आउ ललिता डायलॉग था वो आज भी लोगों की जुबान पर है। लेकिन मुझे उम्मीद नहीं थी कि इस कदर यह डायलॉग याद रखा जाएगा। उस समय की बात है जब फिल्म रिलीज हुई थी तब यह डायलॉग यंगस्टर्स ने देखा और सुना तो वे कॉलेज में भी इसे बोलने लगे। इस कारण कुछ स्टूडेंट्स को जेल भी जाना पड़ा था।
शक्ति कपूर ने बताया कि, वे पहले हिंदुस्तानी अभिनेता हैं जिसने ज्यादातर भाषाओं वाली फिल्मों में काम किया है। शक्ति कपूर कहते हैं कि, मैंने बांग्लादेशी, नेपाली, गुजराती, मराठी, पंजाबी, भोजपुरी, मलयालम, तमिल और तेलुगु फिल्मों में काम किया है।
यह भी पढ़ें: Bigg Boss 12: फिनाले के लिए जंग का माहौल, मिला फायर ब्रिगेड टास्क
यह भी पढ़ें: दीपिका को 6 साल पहले से पत्नी मान चुके थे रणवीर, क्यों नहीं किया था खुलासा, खुद रणवीर से सुनिये