'Superstars' पर अनुपम खेर ने ली चुटकी, कार्तिक आर्यन के साथ फोटो शेयर कर लिखा- मेरी फिल्म ने 350 करोड़ कमाये...
Anupam Kher Takes A Dig बॉलीवुड में बॉक्स ऑफिस के रिजल्ट एकदम चौंकाने वाले रहे हैं। बड़े-बड़े सुपरस्टार फ्लॉप हो रहे हैं। वहीं ऐसी फिल्में अच्छा बिजनेस कर रही हैं जिनसे कोई उम्मीद ना हो। लाल सिंह चड्ढा और रक्षा बंधन का ना चलना एक झटक है।
नई दिल्ली, जेएनएन। लाल सिंह चड्ढा और रक्षा बंधन की भारी असफलता की चर्चा हर तरफ हो रही है। सोशल मीडिया से लेकर ट्रेड और बॉलीवुड सेलेब्रिटीज नतीजों से हैरान दिख रहे हैं। ऐसे में अनुपम खेर ने सुपरस्टार शब्द को लेकर चुटकी ली है। अनुपम ने मौजूदा पीढ़ी के सबसे सफल एक्टर्स में से एक कार्तिक आर्यन के साथ अपनी फोटो पोस्ट करके खुद को और उन्हें सुपरस्टार्स लिखा।
अनुपम ने इशारों में इस बात पर भी जोर डाला कि कलाकार और सुपरस्टार के बीच क्या फर्क होता है। अनुपम ने लिखा- सुपरस्टार्स- चूंकि, एक कलाकार (वो चाहे जितना अच्छा हो) को सुपरस्टार बुलाना उस पैसे पर निर्भर करता हूं, जो उसकी फिल्में बनाती हैं तो मैं आप सबके साथ दो सुपरस्टार्स की फोटो शेयर कर रहा हूं। कम से कम इस साल तो मेरे लिए है। मेरी फिल्म द कश्मीर फाइल्स ने दुनियाभर में 350 करोड़ बनाये और कार्तिक आर्यन की फिल्म भूल भुलैया 2 ने 250 करोड़। समय बदल रहा है, साथ ही दर्शकों का मिजाज और सिस्टम भी बदल रहा है।
View this post on Instagram
अनुपम आगे लिखते हैं- किसने कल्पना की होगी कि ऐसा दिन भी आएगा कि मेरी मुख्य भूमिका वाली फिल्म द कश्मीर फाइल्स 350 करोड़ का कारोबार करेगी। यह अच्छा मंथन है। इस बदलाव का स्वागत है। उम्मीद है कि आप सब भी करेंगे। कार्तिक से हाल ही में मिलना अच्छा लगा। वो यहां लम्बे समय तक टिकेंगे। एक कलाकार और एक सुपरस्टार के तौर पर। मैं तो लगभग पिछले 40 साल से दौड़ रहा हूं। और भी बहुत दौड़ना है और कार्तिक जैसे नौजवानों के साथ कम्पीट करना है।
अनुपम खेर ने अपनी पोस्ट में आमिर खान या अक्षय कुमार का जिक्र तो नहीं किया, मगर इशारा उसी तरफ है। आमिर बेहतरीन एक्टर होने के साथ सुपरस्टार का दर्जा रखते हैं, मगर लाल सिंह चड्ढा बॉक्स ऑफिस पर घिसट रही है। वहीं, अक्षय कुमार भी एक सफल कलाकार और सुपरस्टार माने जाते हैं, मगर उनकी फिल्म रक्षा बंधन भी बॉक्स ऑफिस पर असफल रही है। इस साल की सबसे कामयाब बॉलीवुड फिल्म द कश्मीर फाइल्स ही है, जिसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 252 करोड़ जमा किये थे, वहीं दूसरी भूल भुलैया है, जिसने 185 करोड़ का कलेक्शन किया।