विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Laal Singh Chaddha: 1994 में जब 'फॉरेस्ट गम्प' आयी, तब अमीर लड़की से शादी का सपना देख रहे थे आमिर खान!

By Manoj VashisthEdited By:
Published: Wed, 10 Aug 2022 07:22 PM (IST)

Laal Singh Chaddha Vs Forrest Gump लाल सिंह चड्ढा 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। अद्वैत चंदन ...और पढ़ें

Tom Hanks in Forrest Gump and Aamir Khan in Andaaz Apna Apna. Photo- Instagram/screenshot
Tom Hanks in Forrest Gump and Aamir Khan in Andaaz Apna Apna. Photo- Instagram/screenshot

नई दिल्ली, जेएनएन। फॉरेस्ट गम्प दुनियाभर में एक कल्ट क्लासिक के रूप में दर्ज है। इस फिल्म में टॉम हैंक्स का अभिनय आज भी दुनियाभर के कलाकारों के लिए एक मिसाल माना जाता है। शायद ही ऐसा कोई सिनेमा का  शौकीन होगा, जिसने यह फिल्म ना देखी हो।

इस बेहद चर्चित और प्रशंसित फिल्म को हिंदी में रीमेक करने का बीड़ा आमिर खान ने उठाया, इसीलिए लाल सिंह चड्ढा एलान के वक्त से ही चर्चा में है और अब वो वक्त आ गया है, जब फॉरेस्ट गम्प का आधिकारिक हिंदी रीमेक दर्शकों के बीच पहुंच रहा है। लाल सिंह चड्ढा 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म में आमिर खान ने वही किरदार निभाया है, जो फॉरेस्ट गम्प में टॉम हैंक्स ने प्ले किया था। यह भी फिल्म के चर्चा में रहने की एक बड़ी वजह है। 

28 साल पहले आयी थी फॉरेस्ट गम्प

फॉरेस्ट गम्प 1994 में रिलीज हुई थी। एरिक रोथ के स्क्रीनप्ले पर फिल्म का निर्देशन रॉबर्ट जेमेकिस ने किया था। फिल्म में टॉम हैंक्स के साथ रॉबिन राइट, गैरी सिनिसे, मिकेलटी विलियमसन और सैली फील्ड ने अहम किरदार निभाये थे। इस फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स की बायोपिक है, जो भोला-भाला और मासूम है, मगर जीवन के प्रति उसकी फिलॉसफी और सकारात्मकता उसे हर मुश्किल से उबारकर ले जाती है। वो ऐसे काम भी कर जाता है, जिसकी उससे उम्मीद नहीं होती।

अपने इस स्वभाव की वजह से वो ढेर सारे दोस्त भी बना लेता है। लाल सिंह चड्ढा में यही किरदार लाल सिंह चड्ढा है। लाल सिंह चड्ढा का निर्देशन अद्वैत चंदन ने किया है। स्टोरी-स्क्रीनप्ले अतुल कुलकर्णी का है। हालांकि, फॉरेस्ट गम्प के लेखक रोथ को भी क्रेडिट दिया गया है। फॉरेस्ट गम्प को रॉटन टमाटोज पर 10 में से 7.5 की रेटिंग हासिल है। वहीं, आइएमडीबी पर इसे 8.8 रेटिंग मिली है। 

1994 में क्या कर रहे थे आमिर खान?

जिस साल में फॉरेस्ट गम्प रिलीज हुई थी, आमिर की अंदाज अपना-अपना सिनेमाघरों में पहुंची थी। यह अकेली फिल्म है, जिसमें आमिर और सलमान खान ने साथ काम किया। दोनों ने ऐसे युवकों के किरदार निभाये थे, जो शॉर्ट कट से अमीर बनने का सपना देखते हैं।

इसके लिए उन्हें एक अमीर लड़की से शादी करने का रास्ता आसान लगता है। रवीना टंडन और करिश्मा कपूर ने फीमेल लीड रोल निभाये थे। इस फिल्म के कई सीन आज भी याद आते ही गुदगुदा जाते हैं। राज कुमार संतोषी निर्देशित अंदाज अपना-अपना फ्लॉप रही थी, मगर धीरे-धीरे इस फिल्म ने कल्ट स्टेटस हासिल कर लिया। 

फॉरेस्ट गम्प की रिलीज के समय टॉम हैंक्स की उम्र 38 साल थी और आमिर 29 साल के थे। अब लाल सिंह चड्ढा की रिलीज के समय आमिर की उम्र 57 साल है। इस उम्र में लाल सिंह चड्ढा को अलग-अलग पड़ावों पर दिखाना आमिर के लिए एक चुनौती रहा।