एक फिल्म के लिए महेश भट्ट ने Kunal Kemmu को दी थी रिश्वत, एक्टर बोले- 'जिंदगी का सबसे घटिया सौदा...'
कुणाल खेमू ने अपनी बचपन की फिल्म 'हम हैं राही प्यार के' की शूटिंग का एक किस्सा साझा किया। जब ...और पढ़ें

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। कुणाल खेमू (Kunal Kemmu) को भले ही अब कॉमेडी फिल्मों के लिए जाना जाता हो, लेकिन उनकी सबसे यादगार फिल्मी कहानियों में से एक तब की है जब वे सिर्फ सात साल के थे।
'हम हैं राही प्यार के' (Hum Hai Rahi Pyaar Ke) की शूटिंग के दौरान, कुणाल को स्कूल पिकनिक और फिल्म सेट दोनों में से एक चीज का चुनाव करना था। फिल्म के निर्देशक महेश भट्ट (Mahesh Bhatt) ने आखिरकार उनके लिए फैसला आसान कर दिया जब उन्हें एक छोटा सा लालच दिया गया।
महेश भट्ट ने छुड़वा दी थी पिकनिक
हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए कुणाल ने फिल्मों में अपने बचपन के दिनों को याद किया और 1993 में आमिर खान और जूही चावला स्टारर फिल्म की एक घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके स्कूल की पिकनिक उसी दिन पड़ी जिस दिन उन्हें शूटिंग के लिए बुलाया गया था।
-1789288750277.webp)
कुणाल के पिता इस फैसले में दखल नहीं देना चाहते थे और उन्होंने इसे फिल्म निर्माता और एक्टर पर छोड़ दिया। कुणाल ने याद करते हुए कहा,'मैं तब सिर्फ सात साल का था। यह बहुत अजीब था क्योंकि भट्ट साहब ने मेरे पिताजी से पूछा कि वह शूटिंग कैसे करेगा, क्योंकि कल उनका एक सीन है। मेरे पिताजी ने उनसे कहा, ‘मैं इसमें नहीं पड़ रहा। आप लोग इसे खुद सुलझा लें’।'
निर्देशक ने क्या रखी थी शर्त?
तभी महेश भट्ट ने 7 साल के कुणाल के सामने एक ऐसा प्रस्ताव रखा जिसके बाद उन्हें फैसला लेने में देर नहीं लगी। कुणाल ने कहा कि उस समय समुराई वीडियो गेम काफी पॉपुलर था, लेकिन उनके पास वह गेम नहीं था। निर्देशक ने उनसे पूछा कि शूटिंग के लिए रुकने के बदले में उन्हें क्या चाहिए।
कुणाल ने आगे बताया, 'मुझे रिश्वत दी गई थी। उस समय समुराई का एक वीडियो गेम बहुत लोकप्रिय था। उन्होंने मुझसे पूछा, ‘मैं तुम्हारे लिए क्या करूं, तुम्हें क्या दिला दूं कि तुम न जाओ?’ मैंने कहा कि मेरे पास वीडियो गेम नहीं है, तो उन्होंने मुझे वह वीडियो गेम दिला दिया।'
-1789288768863.webp)
एक्टर ने इसे क्यों कहा बेकार डील?
हालांकि, अगली सुबह उन्हें ये डील उतनी अच्छी नहीं लगी क्योंकि कुणाल अपने घर से अपना स्कूल देख सकते थे और उन्होंने देखा कि उनके सभी फ्रेंड्स पिकनिक के लिए जा रहे हैं और स्कूल बस लगभग भर चुकी है।
'हम हैं राही प्यार के' कुणाल की 'सर' के बाद दूसरी फिल्म थी। इसके बाद उन्होंने चाइल्ड एक्टर के तौर पर 'जख्म' जैसी फिल्मों में काम किया। इसके बाद साल 2005 में महेश भट्ट द्वारा निर्मित 'कलयुग' में लीड एक्टर के तौर पर भी नजर आए।
