Kareena Kapoor Khan ने दी अहम जानकारी- घर में कोई कोविड-19 संक्रमित हो तो कैसे धोएं कपड़े...
करीना इसी साल दूसरे बच्चे की मां बनी हैं। हालांकि इस बार बेबो ने तैमूर की तरह छोटे बेटे को कैमरों की निगाहों से दूर रखा है। सोशल मीडिया में बच्चे की तस्वीर शेयर करते वक़्त भी ध्यान रखा कि सूरत नज़र ना आए।
नई दिल्ली, जेएनएन। करीना कपूर ख़ान उन बॉलीवुड एक्ट्रेसेज़ में शामिल हैं, जिन्हें संजीदा और ज़िम्मेदार माना जाता है। करीना विवादों से दूर रहती हैं और विवादित बयानबाज़ी करने से भी बचती हैं। मगर, जहां ज़रूरी होता है, वहां अपनी बात रखती हैं।
कोरोना वायरस पैनडेमिक के दौरान बेबो की यही ख़ूबी सामने आयी है और अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स के ज़रिए करीना लगातार इस महामारी में जागरूक करने का काम कर रही हैं। चाहे बच्चों की बात हो या मांओं की, करीना सोशल मीडिया के ज़रिए अहम जानकारियां शेयर कर रही हैं।
अब उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के ज़रिए एक जानकारी शेयर की है, जिसमें बताया गया है कि अगर घर में कोई कोविड-19 संक्रमित मरीज़ हो तो कपड़ों को सावधानी के साथ कैसे धोया और सुखाया जाए, ताकि संक्रमण आगे ना फैले।
इसमें बताया गया है कि संक्रमित मरीज़ के तौलिए, चादर आदि को अलग धोना चाहिए। इन्हें संभालते वक़्त मोटे ग्लब्स पहनने चाहिए। इन्हें कभी अपने शरीर से टच नहीं करना चाहिए, बल्कि इन्हें एक अलग कंटेनर में रखना चाहिए, जो लीक ना हो। 60-90 डिग्री तापमान पर डिटर्जेंट के साथ धोना चाहिए।
कपड़ों को ड्रम में भरे गर्म पानी में डालकर सोक करना चाहिए। इसके लिए छड़ी का इस्तेमाल करें। पानी को उछालने से बचें। अगर गर्म पानी उपलब्ध नहीं है तो क्लोरीन डालकर उसमें आधे घंटे तक भिगोने चाहिए। साफ़ पानी से खंगालकर धूप में सुखाएं। सब काम निपटाने के बाद अपने हाथ धोना ना भूलें।
बता दें, इससे पहले करीना ने ऐसी मांओं की देखभाल करने का संदेश देने वाली पोस्ट शेयर की थी, जो बच्चों को दूध पिला रही हैं या गर्भवती हैं या कोविड-19 संक्रमण का जल्द शिकार हो सकती हैं। ऐसी महिलाओं को सार्वजनिक स्थल पर जाने से बचना चाहिए। उन्हें घर में बना पौष्टिक खाना देना चाहिए। उनके आस-पास सकारात्मक वातारण रखना चाहिए।
बता दें, करीना इसी साल दूसरे बच्चे की मां बनी हैं। हालांकि, इस बार बेबो ने तैमूर की तरह छोटे बेटे को कैमरों की निगाहों से दूर रखा है। सोशल मीडिया में बच्चे की तस्वीर शेयर करते वक़्त भी ध्यान रखा कि सूरत नज़र ना आए। फ़िल्मों की बात करें तो करीना अब आमिर ख़ान की फ़िल्म लाल सिंह चड्ढा में नज़र आएंगी।