Raj Kundra पर भड़के केआरके, कहा- 'एडल्ट फिल्मों से चला रहे हैं अपना घर, आप दुनिया के सबसे गरीब इंसान'
मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा की गिरफ्तार के बाद कई फिल्मी सितारे उनको लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ सितारों ने राज कुंद्रा के समर्थन में अपने बयान दिया है तो वहीं कुछ ऐसे भी हैं जो उनकी जमकर आलोचना कर रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा की गिरफ्तार के बाद कई फिल्मी सितारे उनको लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ सितारों ने राज कुंद्रा के समर्थन में अपने बयान दिया है तो वहीं कुछ ऐसे भी हैं जो उनकी जमकर आलोचना कर रहे हैं। राज कुंद्रा की आलोचना करने वालों में अभिनेता और खुद को फिल्म क्रिटिक्स बताने वाले केआरके (कमाल आर खान) भी हैं।
केआरके बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों और उनकी फिल्मों की जमकर आलोचना करते रहते हैं। वह सोशल मीडिया पर अक्सर कई सितारों के खिलाप टिप्पणी करते रहते हैं। अश्लील फिल्म बनाने के आरोप में गिरफ्तार हुए राज कुंद्रा के खिलाफ अब केआरके ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर राज कुंद्रा की कमाई के स्रोतों की आलोचना की है।
केआरके ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'अगर आपको एडल्ट फिल्में बनाकर अपना घर चलाने के लिए पैसा कमाना है, तो आप इस दुनिया के सबसे गरीब इंसान हैं। यह दर्शाता है कि आपके पास कुछ गलत कामों की वजह से पैसे तो आ गए, लेकिन आज भी आपकी सोच छोटी है और आपके काम भी छोटे हैं!'। सोशल मीडिया पर केआरके का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है।
केआरके के फैंस के अलावा तमाम सोशल मीडिया यूजर्स भी उनके ट्वीट पर कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। आपको बता दें कि अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को मुंबई क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। उन पर अश्लील फिल्में बनाने का आरोप है। राज कुंद्रा को सोमवार को मुंबई क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। इसके बाद कोर्ट में पेश करने के बाद 23 जुलाई तक के लिए उन्हें पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। अब राज कुंद्रा को लेकर कई हैरान कर देने वाले खुलासे हो रहे हैं।
वहीं राज कुंद्रा पुलिस कस्टडी में भेजने के बाद मंगलवार शाम को मुंबई पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर मिलिंद भराम्बे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पूरे मामले की जानकारी मीडिया को दी और केस का सिलसिलेवार ब्योरा दिया। ज्वाइंट सीपी ने इस कारोबार को करने के तौर-तरीकों पर रोशनी डाली। इसके साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि राज कुंद्रा के इस मामले से शिल्पा शेट्टी को कोई लेना-देना नहीं है।