Judgementall Hai Kya Box Office Prediction Day 1: पहले दिन इतनी कमाई का अनुमान, मिल रहा अच्छा रिस्पॉन्स
Judgementall Hai Kya Box Office Prediction सोशल मीडिया में भी फ़िल्म को लेकर लगातार बातचीत हो रही है। कंगना और राजकुमार का क्रेज़ी अंदाज़ लोगों को प्रभावित कर रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। शुक्रवार (26 जुलाई) दो फ़िल्में सिनेमाघरों में पहुंच चुकी हैं। कंगना रनौत और राजकुमार राव की फ़िल्म 'जजमेंटल है क्या' और दिलजीत दोसांझ- कृति सनोन की 'अर्जुन पटियाला'। पहले बात करते हैं 'जजमेंटल है क्या' की। इस फ़िल्म को लेकर ट्रेड और दर्शकों के बीच काफ़ी उत्सुकता है। ख़ासकर ट्रेलर आने के बाद से 'जजमेंटल है क्या' ने काफ़ी हाइप बनायी है। सोशल मीडिया में भी फ़िल्म को लेकर लगातार बातचीत हो रही है। कंगना और राजकुमार का क्रेज़ी अंदाज़ लोगों को प्रभावित कर रहा है। पहले दिन दर्शकों में कंगना की इस फिल्म को लेकर उत्सुकता दिखाई दी।
इस साल कंगना की यह दूसरी फ़िल्म है। इससे पहले 'मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ़ झांसी' रिलीज़ हुई थी, जिसमें उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई का रोल निभाया था। फ़िल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता के मद्देनज़र ट्रेड जानकारों का अनुमान है कि 'जजमेंटल है क्या' को 6-8 करोड़ के बीच ओपनिंग मिल सकती है। अगर कंगना की पिछली फ़िल्मों की बात करें तो 'मणिकर्णिका' ने 8.75 करोड़ की ओपनिंग ली थी। 2017 में आयी 'सिमरन' ने 2.77 करोड़ पहले दिन जमा किये थे, जबकि 'रंगून' को 6.07 करोड़ की कमाई पहले दिन हुई थी। इस फ़िल्म में सैफ़ अली ख़ान और शाहिद कपूर उनके साथ लीड रोल्स में थे।
2015 में कंगना की 3 फ़िल्में 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स', 'आय लव एन वाय' और 'कट्टी बट्टी' आयीं। इनमें से 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' कामयाब रही और फ़िल्म ने 8.75 करोड़ की ओपनिंग ली थी। वहीं, 'कट्टी बट्टी' को 5.28 करोड़ पहले दिन मिले थे। 'जजमेंटल है क्या' को प्रकाश कोवलमुडी ने डायरेक्ट किया है।
'जजमेंटल है क्या' के सामने दूसरी फ़िल्म 'अर्जुन पटियाला' है। इस फ़िल्म को लेकर हाइप अपेक्षाकृत कम है, जिसके चलते ट्रेड एक्सर्ट मानते हैं कि फ़िल्म को 2-3 करोड़ की ओपनिंग मिल सकती है। दिलजीत दोसांझ की तगड़ी फैन फॉलोइंग का फायदा फ़िल्म को मिलेगा। इन दोनों ही फ़िल्मों को रितिक रोशन की 'सुपर 30' और 'द लायन किंग' से चुनौती मिलेगी।