नई दिल्ली, जेएनएन। जॉन अब्राहम इस साल बॉक्स ऑफ़िस पर अपने एक्शन से ज़बरदस्त धमाका करने वाले हैं। उनकी तीन फ़िल्में 2021 में सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही हैं और तीनों ही एक्शन फ़िल्में हैं। ख़ास बात यह है कि जॉन अपनी इन फ़िल्मों के ज़रिए बॉक्स ऑफ़िस पर दूसरे सितारों से टक्कर लेते दिखेंगे, जिनमें सलमान ख़ान भी शामिल हैं।
मंगलवार को जॉन अब्राहम की एक और फ़िल्म मुंबई सागा की रिलीज़ डेट का खुलासा किया गया। जॉन ने ट्वीट करके बताया कि मुंबई सागा का टीज़र बुधवार को आ रहा है। इसके साथ फ़िल्म का पोस्टर भी शेयर किया, जिसमें जॉन दोनों हाथों में मशीन गन थामे हुए खड़े हैं। उनका चेहरा नहीं दिखाया गया। पोस्टर पर लिखा है- बॉम्बे के मुंबई बनने की सच्ची और चौंकाने वाली कहानी। फ़िल्म का निर्देशन संजय गुप्ता ने किया है। मुंबई सागा में सुनील शेट्टी, इमरान हाशमी, काजल अग्रवाल, महेश मांजरेकर, प्रतीक बब्बर, रोहित रॉय, शाद रंधावा, अंजना सुखानी, विवान पाराशन विभिन्न भूमिकाओं में दिखेंगे।
Get ready for the biggest Saga of the year, #MumbaiSaga, teaser out tomorrow! 🔥 pic.twitter.com/GxowGofVFL
— John Abraham (@TheJohnAbraham) February 23, 2021
मुंबई सागा 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। इस दिन अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा की संदीप और पिंकी फ़रार भी रिलीज़ हो रही है। इस फ़िल्म की रिलीज़ डेट यशराज बैनर ने कुछ दिन पहले ही घोषित की थी। यानी मार्च में जॉन, अर्जुन कपूर से बॉक्स ऑफ़िस पर भिड़ेंगे।
ईद पर 14 मई को जॉन ने अपनी फ़िल्म सत्यमेव जयते 2 की रिलीज़ का एलान किया था, जिसे मिलाप ज़वेरी ने निर्देशित किया है। इस फ़िल्म के सामने होगी सलमान ख़ान की राधे- योर मोस्ट वॉन्टेड भाई। प्रभुदेवा के निर्देशन में बनी राधे भी एक्शन फ़िल्म है, जिसमें सलमान के साथ दिशा पाटनी, रणदीप हुड्डा और जैकी श्रॉफ अहम किरदारों में दिखेंगे।
View this post on Instagram
जॉन की तीसरी रिलीज़ है अटैक, जो स्वतंत्रता दिवस के पहले 13 अगस्त को सिनेमाघरों में आएगी। लक्ष्य राज आनंद निर्देशित अटैक एक्शन-थ्रिलर फ़िल्म है। अटैक के सामने बॉक्स ऑफ़िस पर पु्ष्पा होगी, जो तेलुगु फ़िल्म है, मगर हिंदी में भी इसे बड़े पैमाने पर रिलीज़ किया जाएगा। इस फ़िल्म में अल्लू अर्जुन लीड रोल में हैं।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप