फिल्म धड़क की शुरुआत में जाह्नवी कपूर ने मां श्रीदेवी के लिए लिखा इमोशनल मैसेज
फिल्म धड़क में जाह्नवी के को-स्टार ईशान खट्टर हैं जिनकी यह दूसरी फिल्म है। इससे पहले ईशान को बियॉन्ड द क्लाउड्स में देखा गया था।
रूपेशकुमार गुप्ता, मुंबई। आखिरकार श्रीदेवी और बोनी कपूर की बेटी जाह्नवी कपूर ने आज फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा। उनकी फिल्म धड़क आज 20 जुलाई को दर्शकों के सामने आ चुकी है। खास बात यह है कि, जाह्नवी कपूर को अपनी मां श्रीदेवी से बहुत लगाव था। फिल्म में जाह्नवी कपूर द्वारा मां के लिए भावुक संदेश है।
फिल्म धड़क की शुरुआत में जाह्नवी कपूर की ओर से उनकी मां श्रीदेवी को एक भावुक संदेश लिखा गया है। उसमें उन्होंने लिखा है कि, यह फिल्म श्रीदेवी को समर्पित की है। गौरतलब है कि इसी वर्ष फरवरी में श्रीदेवी का अाकस्मिक निधन हो गया था जिसके बाद फिल्म धड़क की शूटिंग को भी कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था। जब श्रीदेवी का अचानक निधन हुआ था, उस समय वह इस फिल्म की शूटिंग कर रही थी, जिसके चलते फिल्म धड़क की शुरुआत में ही यह संदेश दिखाई देता है। इस संदेश में लिखा है, 'मैं आपसे प्यार करती हूं मां, यह सदा से आपके लिए ही है और था।' गौरतलब है कि श्रीदेवी के कारण ही आज जाह्नवी कपूर इस ऊंचाई तक पहुंच पाई हैं। श्रीदेवी ने जाह्नवी कपूर को अभिनय से लेकर सार्वजनिक स्थलों पर उनके व्यवहार से लेकर प्रेजेंटेशन की तैयारी करवाई है। श्रीदेवी के निधन के बाद जब धड़क के ट्रेलर रिलीज किया गया था तब जाह्नवी और उनकी बहन खुशी मां को याद करते हुए इमोशनल भी हो गई थी। वे कई इवेंट्स पर मां के मिस करने की बात कह चुकी हैं।
यह भी पढ़ें: पहचानिए इन दो स्टार डॉटर्स को, फिल्म के लिए कहा गुड लक
फिल्म धड़क में जाह्नवी के को-स्टार ईशान खट्टर हैं जिनकी यह दूसरी फिल्म है। इससे पहले ईशान को बियॉन्ड द क्लाउड्स में देखा गया था। ईशान शाहिद कपूर के भाई हैं। फिल्म धड़क मराठी फिल्म सैराट की हिंदी में बनी हुई रीमेक है। इसको लेकर जाह्नवी और ईशान ने लगातार सोशल मीडिया पर प्रमोशन किया था। उनके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल भी हुए थे। इस फिल्म का निर्देशन शशांक खेतान ने किया है। वही इस फिल्म का निर्माण करण जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस ने किया है। इस बार भी करण जौहर स्टारकिड्स को लॉन्च करने वाली इमेज को सार्थक करते दिखे हैं। चूंकि इस फिल्म से जाह्नवी कपूर ने डेब्यू किया है। अब देखना यह होगा कि, धड़क कितने दर्शकों को दिल धड़का पाती है।
यह भी पढ़ें: रणबीर कपूर पर किरायेदार ने किया 50 लाख का मुकदमा