Coronavirus Lockdown के बीच सलमान ख़ान ने रिक्रिएट किया 'मैंने प्यार किया' का फेमस सीन, देखकर हंसी छूट जाएगी
सलमान ख़ान सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस का मनोरंजन कर रहे हैं। उन्होंने अपने ऑफ़िशियल इंस्टग्राम अकाउंट से एक वीडियो डाला हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस की वजह से देश में लॉकडाउन है। इस बीच बॉलीवुड सेलेब्स भी अपने घरों में बंद हैं। कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो किसी काम से कहीं और गए थे और अब भी वहीं हैं। सलमान ख़ान भी इस वक्त अपने परिवार के साथ नहीं हैं। लेकिन इस बीच सलमान ख़ान सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस का मनोरंजन कर रहे हैं। उन्होंने अपने ऑफ़िशियल इंस्टग्राम अकाउंट से एक वीडियो डाला हैं। इसमें साल 1989 में आई उनकी फ़िल्म 'मैंने प्यार किया' के एक सीन को रिक्रिएट किया है। यह सीन काफी मज़ेदार लग रहा है।
सलमान ख़ान ने जिस वीडियो को शेयर किया है, उसमें कोरोना का ट्विस्ट जुड़ा है। वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा,'अगर एमपीके (मैंने प्यार किया) अब रिलीज़ होती। ईस्टर की शुभकामनाएं। स्ट्रॉन्ग बने रहें।'
वहीं, अगर वीडियो की बात करें, तो इसमें 'मैंने प्यार किया' के भाग्यश्री वाले सीन को रिक्रिएट किया गया है। वीडियो में दिख रहा है कि आईने पर लिपिस्टक से होठें के निशान बने हुए हैं। पीछे से भाग्यश्री की आवाज़ आती हैं- 'प्रेम, तुम्हारे सवालों का जवाब शायद मैं नहीं हूं। प्यार की इस निशानी को अपने हाथों से मिटा देना। मैं इतनी हिम्मत नहीं जुटा पाई।' इसके साथ ही ब्रैकग्राउंड में आईलवयू की आवाज़ आती है। फ़िल्म में सलमान का किरदार प्रेम उन होठों के निशान को चूम लेता है।
इसके बाद सलमान कोरोना वाले मोड में आ जाते हैं। वही सीन है। वही आवाज़ है। बस इस बार सलमान ने अंदाज बदल दिया है। जब भाग्यश्री कहती है कि प्रेम इस निशानी को अपने हाथों से मिटा देना, तब सलमान सैनिटाइज़र छिड़कते हैं और निशान को कपड़े से मिटा देते हैं। सलमान ख़ान का यह वीडियो फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कई सेलेब्स ने इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया जताई है। वरुण धवन, नुसरत भरुचा और रश्मि देसाई को भी यह वीडियो काफी पसंद आया।