Hrithik Roshan के बर्थडे पर मां पिंकी रोशन ने शेयर कीं ब्रेन सर्जरी की अनदेखी तस्वीरें, टाइगर ने बताया सुपरहीरो
Hrithik Roshan Brain Surgery PICS इन फोटो पर रितिक के वॉर पार्टनर टाइगर श्रॉफ ने कमेंट किया- सबसे मजबूत सुपरहीरो और मेरी प्रेरणा। पिंकी आंटी शेयर करने के लिए शुक्रिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। रितिक रोशन ना सिर्फ़ पर्दे के बल्कि वास्तविक ज़िंदगी भी हीरो हैं। निजी जीवन में कई तरह की चुनौतियों को हराकर रितिक ने सिल्वर स्क्रीन पर अपनी पहचान बनाई है। 10 जनवरी को रितिक अपना 46वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौक़े पर उनकी मॉम पिंकी रोशन ने रितिक की कुछ ऐसी तस्वीरें शेयर की हैं, जो उनके संघर्षों की मिसाल हैं। इन तस्वीरों को देखकर आप भी उनके हौसले दी दाद देंगे।
ये तस्वीरें उनकी ब्रेन सर्जरी के दौरान की हैं, जो कुछ साल पहले हुई थी। मॉम पिंकी रोशन ने इन तस्वीरों को शेयर किया है, जिनमें रितिक ऑपरेशन टेबल पर लेटे हुए मुस्कुरा रहे हैं। साथ में खड़े डॉक्टर विक्ट्री का साइन दे रहे हैं। रिकवरी के बाद की भी फोटो हैं। इन तस्वीरों के साथ पिंकी ने एक बड़ा सा नोट भी लिखा है, जिसमें उन्होंने अपनी भावनाएं ज़ाहिर की हैं।
पिंकी ने लिखा है कि वो यह तस्वीरें भारी मन से शेयर कर रही हैं। भारी मन से इसलिए नहीं कि उन्हें अफ़सोस या दुख है, बल्कि इसलिए कि ये तस्वीरें प्यार में डूबी हुई हैं। पिंकी ने बताया कि जब डुग्गु ब्रेन सर्जरी के लिए जा रहे थे तो वो लगभग बेहोश होने वाली थीं। डॉक्टरों के हाथ में उसे देखकर ऐसा लगा जैसे निरीह नवजात हो और वो वैसे ही अपनी ख़ूबसूरत आंखों से देख रहा था, जब उसका जन्म हुआ था। मगर, उन आंखों में कोई डर, फिक्र या तनाव नहीं था। पिंकी लिखती हैं कि एक भी ऐसी चुनौती नहीं है, जो डुग्गु ने फेस की हो और वो असफल हुए हों।
इन फोटो पर रितिक के वॉर पार्टनर टाइगर श्रॉफ ने कमेंट किया- सबसे मजबूत सुपरहीरो और मेरी प्रेरणा। पिंकी आंटी शेयर करने के लिए शुक्रिया। रितिक की ब्रेन सर्जरी कुछ साल पहले हुई थी, जब बैंग बैंग की शूटिंग के दौरान एक स्टंट करते हुए उनके सिर में चोट लगी थी।
रितिक रोशन 2019 के सबसे सफल कलाकारों में शामिल हो चुके हैं। रितिक की 2019 में दो फ़िल्में वॉर और सुपर 30 आयीं। वॉर ने बॉक्स ऑफ़िस पर 318 करोड़ से अधिक जमा किये थे। वहीं सुपर 30 ने 146 करोड़ का कलेक्शन किया। दोनों फ़िल्में हिट घोषित की गयीं।