मां स्मिता पाटिल का नाम प्रतीक बब्बर ने सीने पर गुदवाया, कहा- मां का नाम दिल पर लिखवा लिया...
मां स्मिता पाटिल की यादों को संजोने के लिए प्रतीक ने उनके नाम का टैटू और जन्म का साल अपने सीने पर गुदवा लिया है और इस तरह अपनी मां को हमेशा के लिए अपने दिल के क़रीब कर लिया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। स्मिता पाटिल हिंदी सिनेमा की उन एक्ट्रेसेज़ में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी कला से सिनेमा को समृद्ध किया। बेटे प्रतीक को जन्म देने के कुछ दिनों बाद ही 13 दिसम्बर 1986 को महज़ 31 साल की उम्र में स्मिता यह दुनिया छोड़कर चली गयी थीं, मगर अपने पीछे अदाकारी की ऐसी विरासत छोड़ गयी थीं, जिसे आज भी याद किया जाता है।
ना सिर्फ़ कला फ़िल्मों में, बल्कि मसाला फ़िल्मों में भी स्मिता ने अपनी पहचान छोड़ी थी। अब मां स्मिता पाटिल की यादों को संजोने के लिए प्रतीक ने उनके नाम का टैटू और जन्म का साल अपने सीने पर गुदवा लिया है और इस तरह अपनी मां को हमेशा के लिए अपने दिल के क़रीब कर लिया है।
प्रतीक ने टैटू की फोटो अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से साझा की है। फोटो में प्रतीक अपने डॉगी के साथ नज़र आ रहे हैं और सीने पर स्मिता लिखा दिख रहा है। इस तस्वीर के साथ प्रतीक ने लिखा- अपने दिल पर अपनी मां का नाम लिखवा लिया है। इसके साथ प्रतीक ने स्मिता #4ever लिखा है। साथ ही 1955- इनफिनिटी लिखा है। बता दें, 1955 स्मिता पाटिल का जन्म का साल है।
इस टैटू के बारे में ईटाइम्स के बातचीत में प्रतीक ने कहा- मैं हमेशा अपनी मां का नाम टैटू करवाना चाहता था। कई सालों तक मैं इसको लेकर तय नहीं कर पाया था। अब यह सही लग रहा है। उनका नाम बिल्कुल उसी जगह लिखवाया है, जहां होना चाहिए, मेरे दिल पर। 1955 उनके जन्म का साल है और वो हमेशा मेरे साथ रहेंगी। स्मिता पाटिल ने राज बब्बर के साथ शादी की थी। प्रतीक इंस्टाग्राम पर अक्सर स्मिता पाटिल की तस्वीरें शेयर करते रहते हैं।
प्रतीक ने 2008 में आमिर ख़ान के भांजे इमरान ख़ान की डेब्यू फ़िल्म जाने तू... या जाने ना से बतौर एक्टर करियर शुरू किया था। प्रतीक छिछोरे में सुशांत सिंह राजपूत के साथ नज़र आये थे। हाल ही में उनकी वेब सीरीज़ चक्रव्यूह एमएक्स प्लेयरपर रिलीज़ हुई है। वहीं, जॉन अब्राहम और इमरान हाशमी की फ़िल्म मुंबई सागा में भी प्रतीक ने एक रोल निभाया है, जो 27 अप्रैल को अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज़ हुई है।