Vijay Deverakonda के साथ 'लाइगर' से दक्षिण भारत में डेब्यू करेंगी अनन्या पांडेय, बताया फ़िल्म को लेकर क्यों थी घबराहट
फ़िल्म का फ़र्स्ट लुक और रिलीज़ डेट कुछ दिन पहले जारी की गयी थी। लाइगर 9 सितम्बर को सिनेमाघरों में आएगी। अनन्या इसके अलावा शकुन बत्रा की फ़िल्म में भी नज़र आएंगी जिसमें वो दीपिका पादुकोण और सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ स्क्रीन साझा करेंगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। करण जौहर निर्मित लाइगर इस साल की बहुप्रतीक्षित फ़िल्मों में शामिल है। पुरी जगन्नाथ के निर्देशन में बन रही फ़िल्म से चंकी पांडेय की बेटी अनन्या पांडेय दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी डेब्यू करेंगी। लाइगर बहुभाषी फ़िल्म है, जो तेलुगु के साथ हिंदी और अन्य दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी रिलीज़ की जाएगी। लाइगर इस साल आने वाली उन दक्षिण भारतीय फ़िल्मों में शुमार है, जो पैन-इंडिया दर्शकों को ध्यान में रखकर बनायी गयी है। इस फ़िल्म के ज़रिए तेलुगु स्टार विजय देवरकोंडा जहां हिंदी बेल्ट के दर्शकों के बीच पहुंचेंगे, वहीं अनन्या दक्षिण भारतीय दर्शकों के बीच दस्तक देंगी।
लाइगर को लेकर अनन्या शुरुआत में घबरा रही थीं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि दो साल पहले हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से शुरुआत की थी और अब मैं चार दूसरी भाषा की इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत कर रही हूं। यह चार गुना घबराहट के साथ उत्साहित करने वाली भावना है। अनन्या ने कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है। कई तरह की संस्कृति हं। अलग-अलग भाषाएं हैं और ओटीटी पर अवसरों के साथ यह फल-फूल रहा है।अब कोई सीमा नहीं बची है। मैं इसे अलग-अलग भाषाओं और लोगों तक पहुंचने का एक बेहतरीन मौक़ा मानती हूं।
फ़िल्म का फ़र्स्ट लुक और रिलीज़ डेट कुछ दिन पहले जारी की गयी थी। लाइगर 9 सितम्बर को सिनेमाघरों में आएगी। अनन्या इसके अलावा शकुन बत्रा की फ़िल्म में भी नज़र आएंगी, जिसमें वो दीपिका पादुकोण और सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ स्क्रीन साझा करेंगी। अनन्या ने करण जौहर की फ़िल्म स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर से बॉलीवुड में बतौर एक्टर पारी शुरू की थी। इस फ़िल्म में वो टाइगर श्रॉफ के अपोज़िट थीं। तारा सुतारिया भी फीमेल लीड थीं।
अनन्या ईशान खट्टर के साथ खाली पीली में नज़र आ चुकी हैं, जो ज़ीप्लेक्स पर आयी थी। इस फ़िल्म में अनन्या के काम को काफ़ी पसंद किया गया था। इस फ़िल्म में जयदीप अहलावत ने विलेन का किरदार निभाया था। स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर के बाद अनन्या अब लाइगर या शकुन बत्रा की फ़िल्म से बड़े पर्दे पर लौटेंगी।