Hathras Case: राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वरा भास्कर को जारी किया नोटिस, जानें- क्या है मामला?
Hathras Case स्वरा भास्कर ने हाथरस केस के संदर्भ में ऐसा पोस्ट कर दिया जिसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने उन्हें नोटिस जारी किया है। महिला आयोग ने स्वरा भास्कर के साथ ही कुछ राजनेताओं को भी नोटिस भेजा है और उस पर स्पष्टीकरण मांगा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। हाथरस केस की हर कोई निंदा कर रहा है और जल्द से जल्द पीड़िता को न्याय दिलवाने की मांग कर रहा है। इस केस को लेकर फिल्मी जगत की कई हस्तियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी और दुख व्यक्त किया था, जिसमें स्वरा भास्कर का नाम भी शामिल है। हालांकि, स्वरा भास्कर ने इस केस के संदर्भ में ऐसा पोस्ट कर दिया, जिसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने उन्हें नोटिस जारी किया है। महिला आयोग ने स्वरा भास्कर के साथ ही कुछ राजनेताओं को भी नोटिस भेजा है और उस पर स्पष्टीकरण मांगा है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने किसी की शिकायत पर नहीं बल्कि कुछ सोशल मीडिया पोस्ट कर स्वत: संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किए हैं। आरोप है कि स्वरा भास्कर समेत कई लोगों ने हाथरस केस पर सोशल मीडिया पोस्ट करते वक्त दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर की है और उनकी फोटो का इस्तेमाल किया है। इस पर महिला आयोग ने नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है और उन पोस्ट को डिलीट करने के लिए कहा है। साथ ही नसीहत दी है कि वो भविष्य में कभी ऐसा ना करें।
हालांकि, अभी तक स्वरा भास्कर की ओर से कोई जानकारी सामने नहीं आई है और ना ही एक्ट्रेस ने सोशल मीडिय पर इस नोटिस को लेकर कोई पोस्ट नहीं किया है। बता दें कि इस केस को लेकर एक्ट्रेस ने कई पोस्ट किए थे और कई पोस्ट को रीट्वीट किए थे। साथ ही एक हाल ही में एक मंत्री की ओर से दुष्कर्म को लेकर बेतुका बयान देने के बाद भी एक्ट्रेस ने मंत्री को करारा जवाब दिया था।
गौरतलब है कि 14 सितंबर को हाथरस में दुष्कर्म का मामला सामने आया था। पीड़िता की हालत नाजुक होने के बाद उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। हालांकि, इलाज के दौरान पीड़िता ने दम तोड़ दिया था। इसके बाद पुलिस की ओर से रात में अंतिम संस्कार कर देने और गांव में राजनेताओं और मीडिया की एंट्री बैन करने के बाद भी यह केस काफी सुर्खियों में रहा था।