Om Puri Birthday: निधन से पहले दिए एक इंटरव्यू में ओमपुरी ने बताया था कि उन्हें क्यों याद रखेगी दुनिया?
Happy Birthday Om Puri बॉलीवुड एक्टर ओमपुरी का आज जन्मदिन पर है। उन्होंने फिल्म जगत में अपनी जगह बनाने के लिए काफी मुश्किल भरे सफर का सामना किया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड एक्टर ओमपुरी ने अपने अभिनय से लाखों लोगों का दिल जीत लिया था। उनकी एक्टिंग और आवाज की बदौलत भारतीय सिनेमा में कई ऐसी फिल्में बनी हैं, जिन्हें आज भी दर्शकों द्वारा पसंद किया जाता है। आज ओमपुरी का जन्मदिन है और 7 जनवरी 2017 को उन्होंने आखिरी सांस ली थी। उनके निधन की खबर ने सभी को चौंका दिया था, क्योंकि वो लंबे समय से बीमार भी नहीं थे। अपने निधन से कुछ दिन पहले ही उन्होंने एक इंटरव्यू दिया था और सिनेमा को लेकर बातचीत की थी।
23 दिसंबर 2016 को समाचार एजेंसी को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, 'मेरे दुनिया छोड़ने के बाद, मेरा योगदान दिखेगा और युवा पीढ़ी में विशेष रूप से फिल्म स्टू़डेंट्स मेरी फिल्में जरूर देखेंगे'। साथ ही उन्होंने कहा था, 'मेरे लिए वास्तविक सिनेमा 80 और 90 के दशक का था, जब श्याम बेनेगल, गोविंद निहलानी, बासु चटर्जी, मृणाल सेन और गुलजार जैसे फ़िल्म -निर्देशकों ने उल्लेखनीय फिल्में बनाईं।' यह उनका आखिरी इंटरव्यू था।
मुश्किल भरा रहा सफर
उन्हें फिल्मी दुनिया में एक मुकाम हासिल करने से पहले काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। हरियाणा के अंबाला में जन्में ओम पुरी को परिवार का खर्च उठाने के लिए ढाबे में नौकरी करनी पड़ी और वो अपने जीवन में एक्टर नहीं बल्कि ट्रेन के ड्राइवर बनना चाहते थे। साथ ही उन्हें ट्रेनों से काफी लगाव था। उन्होंने अपनी पढ़ाई पटियाला से की, जहां उनकी रूचि अभिनय की ओर बढ़ने लगी। कई बार नाटक की वजह से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा, क्योंकि उन्हें नाटक और कमाई एक साथ करनी पड़ती थी।
पद्मश्री से सम्मानित हुए दिग्गज एक्टर ने साल 1972 में घासीराम कोतवाल नाम की एक मराठी फिल्म से अपना करियर शुरू किया। उनकी खास बात ये है कि उन्होंने समानांतर सिनेमा में काम करने के साथ ही कई व्यावसायिक फिल्मों में भी काम किया, जिसमें मिर्च मसाला, जाने भी दो यारों, चाची 420, हेराफेरी, मालामाल वीकली आदि शामिल हैं। इतना ही नहीं उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में भी काम किया और उन्होंने ऑस्कर विनिंग फिल्म गांधी में छोटा सा किरदार निभाया था।