Gulshan Kumar Birthday: एक जूस विक्रेता जो बन गया म्यूज़िक किंग, जानिए कुछ रोचक बातें
Gulshan Kumar Birthday गुलशन कुमार की मृत्यु के बाद उनके पुत्र भूषण कुमार ने सुपर कैसेट्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड का पदभार संभाल लिया।
मुंबई। 5 मई को गुलशन कुमार Gulshan Kumar का बर्थडे होता है। अगर आज वो हमारे बीच होते तो 63 साल के होते। Gulshan Kumar Birthday उनके बेटे भूषण कुमार आज देश के जाने- माने फ़िल्म निर्माता हैं। गुलशन कुमार ने अपने दम पर फ़िल्मी संगीत का चेहरा बदलने का काम किया है। एक दौर था जब फ़िल्मी गाने या तो सिनेमा के दौरान या रेडियो पर ही सुने जाते लेकिन, गुलशन कुमार ने टी सीरीज के कैसेट के जरिये संगीत को घर-घर पहुंचाने का काम किया।
5 मई 1956 को गुलशन कुमार का जन्म देश की राजधानी दिल्ली में एक पंजाबी अरोड़ा परिवार में हुआ था। उनका मूल नाम गुलशन दुआ था। उनके पिता दिल्ली के दरियागंज बाजार में एक फलों के जूस की दुकान चलाते थे। वहां से शुरू हुई उनकी यात्रा एक अलग मुकाम तक पहुंची!
गुलशन कुमार की कहानी ज़ीरो से हीरो बनने की कहानी है। उन्होंने इंडियन म्यूज़िक इंडस्ट्री में ऐसे समय पर कदम रखा जब ये धीरे-धीरे पॉपुलर हो रहा था। वो अपनी मेहनत, दूरदृष्टि और जज्बे से संगीत उद्योग को काफी आगे ले गए। उन्होंने सोनू निगम जैसे कई गायकों को ब्रेक देकर उनके करियर में अहम योगदान दिया!
गुलशन ने सुपर कैसेट्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड कंपनी बनायी जो भारत में सबसे बड़ी संगीत कंपनी बन गई। उन्होंने इसी संगीत कंपनी के तहत ‘टी-सीरीज’ की स्थापना की। आज ‘टी-सीरीज’ देश में संगीत और फ़िल्म निर्माण की दिशा में एक बड़ा नाम है।
गुलशन कुमार ने अपने धन का एक हिस्सा समाज सेवा के लिए दान करके एक मिसाल कायम की। उन्होंने वैष्णो देवी में एक भंडारे की स्थापना की जो आज भी तीर्थयात्रियों के लिए नि: शुल्क भोजन उपलब्ध कराता है।
गुलशन 1992-93 में सबसे ज्यादा टैक्स देने वालों में से थे। ऐसा माना जाता है कि गुलशन ने मुंबई के अंडरवर्ल्ड की जबरन वसूली की मांग के आगे झुकने से इंकार कर दिया था, जिसके कारण उनकी हत्या कर दी गई! 12 अगस्त, 1997 को मुंबई में एक मंदिर के बाहर गोली मारकर गुलशन की हत्या कर दी गयी थी। हाल में उनका नाम तब चर्चा में आया जब उनकी बायोपिक में अक्षय कुमार के मुख्य किरदार निभाने की ख़बर आयी थी। बाद में यह फ़िल्म (मुग़ल) टल गयी थी।
गुलशन कुमार की मृत्यु के बाद उनके पुत्र भूषण कुमार ने सुपर कैसेट्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ज़िम्मेदारी संभाल ली। उनकी बेटी, तुलसी कुमार भी एक जानी-मानी सिंगर है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप