दिल्ली रिसेप्शन से पहले पापा जोनस ने लिखी भावुक पोस्ट, प्रियंका-निक को बताया अपनी 'जन्नत'
दोनों परिवारों ने भी दूल्हा-दुल्हन को स्पेशल फील करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। शादी के माहौल को और दिलचस्प बनाने के लिए दूल्हा और दुल्हन की टीमों के बीच डांस प्रतियोगिता रखी गयी।
मुंबई। प्रियंका चोपड़ा ने जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में निक जोनस से शादी कर ली। दिल्ली में आज शाम रिसेप्शन होना है, जिसमें गई गणमान्य और मशहूर लोगों के मौजूद रहने की सम्भावना है। इस बीच प्रियंका के ससुर पॉल केविन जोनस ने अपनी बहू का परिवार में स्वागत किया है।
पॉल ने मेहंदी सेरेमनी से प्रियंका की एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वो रंग-बिरंगी पोशाक पहनकर घूम रही हैं। इस तस्वीर के साथ पॉल ने लिखा है- ''क्या अद्भुत अनुभव रहा। बधाई प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस। दोनों को ख़ूब प्यार, डैड।''
प्रियंका के ससुर का पूरा नाम पॉल केविन जोनस सीनियर है, जिन्हें परिवार में प्यार से पापा जोनस कहा जाता है। 53 साल के पॉल धार्मिक व्यक्ति हैं और शुरुआत में वो चर्च के अधिकारी और पादरी रह चुके हैं। हालांकि सांग राइटिंग और सिंगिंग उनका पेशा रहा है। बेटों के बतौर सिंगर स्थापित होने के बाद पापा जोनस ने रिटायरमेंट ले लिया है और अब वो अपने बेटों के मैनेजर की तरह काम करते हैं। जोनस एंटरप्राइज़ की स्थापनी भी उन्होंने की है। विभिन्न म्यूज़िकल टूर्स पर जोनस सीनियर बच्चों के साथ जाते हैं। इसके अलावा जोनस नेलीज़ सदर्न किचन नाम से बेलमॉन्ट में एक रेस्तरां भी चलाते हैं। अगस्त में प्रियंका और निक की सगाई फंक्शन में पॉल जोनस अपनी पत्नी डेनिस मिलर के साथ शामिल हुए थे।
प्रियंका ने अपनी इंडियन वेडिंग को बेहद स्पेशल बना दिया है। किसी फ़िल्मी दृश्य की तरह उनकी शादी का हर नज़ारा ख़ुशियों के रंगों और मस्ती की रौशनी से सजा हुआ था। रविवार को प्रियंका चोपड़ा ने संगीत समारोह की फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किये थे, जिनमें देखा जा सकता है कि जोनस फैमिली ने किस कदर एंजॉय किया। सभी सदस्यों के चेहरों से ख़ुशी फूट रही थी।
दोनों परिवारों ने भी दूल्हा-दुल्हन को स्पेशल फील करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। शादी के माहौल को और दिलचस्प बनाने के लिए दूल्हा और दुल्हन की टीमों के बीच डांस प्रतियोगिता रखी गयी थी, जिसे सभी ने ख़ूब एंजॉय किया। इस मौक़े पर सभी घर वाले और बाराती भारतीय पारम्परिक लिबासों में सजे नज़र आये। दूल्हा निक ने ब्लू और क्रीम काम्बिनेशन की शेरवानी पहनी तो उनके भाई केविन, जो और फ्रैंक भी इंडियन अवतार में दिखे। जोनस ब्रदर्स के आउटफिट्स अबु जानी और संदीप खोसला ने डिज़ाइन किये हैं। डिज़ाइन जोड़ी ने इंस्टाग्राम पर बताया है कि जोधपुर फेयरीटेल को उन्होंने ही कांसेप्चुएलाइज़ और विज़ुएलाइज़ किया है।
उधर, मंगलवार को दिल्ली के रिसेप्शन से चंद घंटे पहले प्रियंका और निक ने अपनी दोनों शादियों की फोटो सोशल मीडिया में रिलीज़ कीं। एक दिसम्बर को हुई क्रिश्चियन वेडिंग और 2 दिसम्बर को हुई हिंदू शादी की पीपुल मैगज़ीन द्वारा भी शेयर की गयी हैं। मैगज़ीन के कवर पेज पर भी दुल्हा-दुल्हन नज़र आएंगे। पापा जोनस ने इस कवर को शेयर करते हुए भावुक पोस्ट लिखी है।
नीचे की तस्वीर 4 दिसम्बर को दिल्ली में हुए रिसेप्शन की है। पापा जोनस, मामा डोनस, प्रियंका, निक और प्रियंका की मॉम मधु चोपड़ा तस्वीर में हैं।