एकता कपूर ने मुकेश अंबानी की इस बात पर किया अमल और आज हैं सफल
एकता कपूर द्वारा प्रोड्यूस किए जा रहे सीरियल्स प्रसिद्ध हैं और अब वे वेब सीरिज भी बना रही हैं।
रूपेशकुमार गुप्ता, मुंबई। मुंबई में हुई जागरण सिनेमा समिट में प्रसिद्ध फिल्म कलाकारों ने फिल्मों के भविष्य विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर टीवी इंडस्ट्री की क्वीन एकता कपूर भी मौजूद थी। उन्होंने भी अपनी राय रखी।
टीवी क्विन एकता कपूर ने मुंबई में जागरण सिनेमा समिट के दौरान पत्रकारों से हुई बातचीत में कहा कि वह देश के सबसे धनी व्यक्ति मुकेश अंबानी की प्रशंसक हैं। इस बारे में आगे बताते हुए वह कहती हैं कि मुकेश अंबानी एक दूरदृष्टा हैं और जब भी उनसे उनकी मुलाकात होती है, वह बस उनकी बातें सुना करती हैं कि वह आगे के बारे में क्या बातें बता रहे हैं। एकता कपूर कहती हैं कि जब उन्होंने उनके प्रोडक्शन हाउस के बारे में मुकेश अंबानी से बात की थी तो मुकेश अंबानी ने एकता कपूर को यही सलाह दी थी कि दुनिया की चिंता नहीं करते हुए उन्हें बस अपना काम करते रहना चाहिए और उन्होंने उस बात को माना भी। मुकेश अंबानी ने एकता कपूर को यह सलाह दी थी कि आप जो काम कर रही हैं उन्हें करते रहिए और आपको अगर आपके कंटेंट पर भरोसा है तो वह एक दिन जरूर चलेगा। आज एकता कपूर उनके बैनर बालाजी टेलिफिल्म्स के अंतर्गत करीब 10 से अधिक टीवी सीरियल्स का निर्माण कर रही हैं। वहीं वह पांच फिल्मों का भी निर्माण कर रही हैं। इसके अलावा उनके पास 30 वेब सीरीज भी जल्द बनकर तैयार हो जाएंगी।
इस अवसर पर एकता कपूर ने यह भी कहा कि वह किसी भी बात पर रिसर्च करने में विश्वास नहीं रखती क्योंकि उन्हें लगता है यह गड़े मुर्दे उखाड़ने जैसा है। इसके बदले वह खुद परभरोसा रखती हैं जो कि अनुभव से और दमदार होते चला जाता है।