Dream Girl Box Office Collection Day 1: आयुष्मान खुराना को मिली करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग, पहले दिन बंपर कमाई
Dream Girl Box Office Collection Day 1 अगर अब आयुष्मान की ड्रीम गर्ल भी सफल रहती है तो बॉक्स ऑफ़िस पर लगातार 6 हिट फ़िल्में देने वाले कलाकार बन जाएंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। आयुष्मान खुराना का आज जन्मदिन है और उससे पहल फैंस ने ज़बर्दस्त तोहफ़ा दे दिया है। ड्रीम गर्ल आयुष्मान खुराना के करियर की सबसे बड़ी ओपनिग बन गयी है। फ़िल्म ने पहले दिन 10 करोड़ से अधिक कमाई की है।
ड्रीम गर्ल को राज शांडिल्य ने निर्देशित किया है। फ़िल्म में आयुष्मान खुराना ने एक बेरोज़गार युवक का रोल निभाया है, जिसे एक कॉल सेंटर में नौकरी मिल जाती है, मगर वहां उसे फोन पर महिला की आवाज़ में बात करनी पड़ती है। मगर, मुश्किल तब होती है, जब इस काल्पनिक महिला पूजा के लोग दीवाने हो जाते हैं, जिनमें आयुष्मान खुराना के पिता भी शामिल होते हैं। आयुष्मान के पिता का किरदार अन्नू कपूर ने निभाया है, जिनके साथ आयुष्मान ने विक्की डोनर से डेब्यू किया था। फ़िल्म में नुसरत भरूचा फीमेल लीड में हैं। फ़िल्म को लगभग सभी क्रिटिक्स ने अच्छी रेटिंग दी हैं। ट्रेड जानकारों के अनुसार, ड्रीम गर्ल ने 10.05 करोड़ की ओपनिंग ली है, जो 2019 में मंझोले बजट की फ़िल्मों में सबसे बड़ी ओपनिंग भी है। मसलन, उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक ने 8.20 करोड़, लुका छुपी ने 8.01 करोड़ और छिछोरे ने 7.32 करोड़ की ओपनिंग ली थी।
#DreamGirl takes a heroic start... Emerges #AyushmannKhurrana’s biggest opener to date... Has also opened bigger than several mid-range films [2019] like #Uri [₹ 8.20 cr], #LukaChuppi [₹ 8.01 cr] and #Chhichhore [₹ 7.32 cr]... Fri ₹ 10.05 cr. #India biz. — taran adarsh (@taran_adarsh) September 14, 2019
अब अगर आयुष्मान के अपने रिकॉर्ड की बात करें तो उनके करियर की यह बेस्ट ओपनिंग है। राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार विजेता आयुष्मान की पिछली 5 फ़िल्में देखें तो उनकी ओपनिंग 2 से 8 करोड़ के बीच रही है।
- आर्टिकल 15- 5.02 करोड़ रुपये
- बधाई हो- 7.29 करोड़ रुपये
- अंधाधुन- 2.70 करोड़ रुपये
- शुभ मंगल सावधान- 2.71 करोड़ रुपये
- बरेली की बर्फ़ी- 2.42 करोड़ रुपये
आयुष्मान खुराना ने पिछले कुछ समय में अपनी फ़िल्मों की च्वाइस से दर्शकों को हैरान किया है। बरेली की बर्फ़ी, शुभ मंगल सावधान, बधाई हो, अंधाधुन आर्टिकल 15 जैसी फ़िल्मों में उन्होंने भिन्न-भिन्न किरदार निभाये, जिन्हें लोगों ने ख़ूब प्यार दिया, जिसका असर बॉकस ऑफ़िस पर भी नज़र आया। अब अगर ड्रीम गर्ल भी सफल रहती है तो आयुष्मान बॉक्स ऑफ़िस पर लगातार 6 हिट फ़िल्में देने वाले कलाकार बन जाएंगे।
ड्रीम गर्ल को पहले हफ़्ते में छिछोरे से कड़ी टक्कर मिलने की सम्भावना है, क्योंकि सुशांत सिंह राजपूत और श्रद्धा कपूर की यह फ़िल्म माउथ पब्लिसिटी के चलते लगातार बेहतर बिज़नेस की तरफ़ बढ़ रही है। दूसरे वीकेंड में छिछोरे के और मजबूत होने की सम्भावना है। साहो काफ़ी हद तक कमज़ोर हो चुकी है, जो ड्रीम गर्ल के लिए ख़तरा नहीं बनेगी।