Four More Shots Please! के सीज़न 3 में करीना कपूर का गर्ल गैंग? प्राइम वीडियो के 'ऑफ़र' पर जानिए बेबो का जवाब
Four More Shots Please Season 3 करीना कपूर ख़ान और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो के बीच मज़ेदार बातचीत सामने आयी है जिसमें करीना ने सीज़न 3 की तरफ़ इशारा किया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। अमेज़न प्राइम वीडियो की वेब सीरीज़ Four More Shots Please का दूसरा सीज़न स्ट्रीम किया जा चुका है और लॉकडाउन में ख़ूब देखा जा रहा है। मगर, ऐसा लगता है कि तीसरे सीज़न की भी तैयारी शुरू हो गयी है, जिसमें करीना कपूर ख़ान ने दिलचस्पी दिखायी है। वो भी अकेले नहीं अपने पूरे गर्ल गैंग के साथ।
दरअसल, करीना कपूर ने इंस्टाग्राम पर अपने गर्ल गैंग के साथ एक थ्रोबैक फोटो शेयर की, जिसमें वो अपनी बड़ी बहन करिश्मा कपूर, मलायका अरोड़ा और उनकी छोटी बहन अमृता अरोड़ा लड़क के साथ दिख रही हैं। बॉलीवुड में बेबो का यह गर्ल गैंग काफ़ी मशहूर है और अक्सर साथ में मस्ती करते हुए इन्हें देखा जाता रहा है। इस फोटो के साथ करीना ने लिखा- हम लोग चार लोगों की टेबल से चार अलग-अलग टेबल्स पर चले गये हैं। अपने गर्ल गैंग से इतने लम्बे समय तक दूरी बर्दाश्त नहीं कर सकती।
इस तस्वीर को अपनी सीरीज़ फोर मोर शॉट्स प्लीज़ से कनेक्ट करते हुए प्राइम वीडियो के एकाउंट से कमेंट किया गया- ''सबको एक अलग शो क्यों चाहिए?'' इस पर करीना ने चुटकी लेते हुए जवाब दिया- ''मैं जानती हूं, आप क्या कहना चाह रहे हो। आप फोर मोर शॉट्स प्लीज़ का सीज़न 3 करने की सलाह दे रहे हैं। सही है ना?''
बता दें कि प्राइम वीडियो के फोर मोर शॉट्स प्लीज़ में भी चार दोस्तों की कहानी है, जिनकी अपनी-अपनी ज़िंदगी और परेशानियां हैं, मगर फोर शॉट्स उन्हें एक-दूसरे से बांधे रखते हैं। सीरीज़ में शायोनी गुप्ता, बानी जे, कीर्ति कुल्हरी और मानवी गगरू लीड रोल्स में हैं। इसका निर्देशन अनु मेन ने किया है। इसका दूसरा सीज़न कुछ दिन पहले ही रिलीज़ हुआ है। दोनों सीज़न में 10-10 एपिसोड्स हैं।
कोरोना वायरस की रफ़्तार थामने के लिए देश में लॉकडाउन की अवधि 3 मई तक बढ़ा दी गयी है। बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ लॉकडाउन का पूरी तरह पालन कर रहे हैं और अपने-अपने घरों में सेल्फ़ आइसोलेटेड हो गये हैं। सोशल मीडिया के ज़रिए सेलेब्स की लाइफ़ के अपडेट्स मिल रहे हैं।
करीना कपूर कुछ वक़्त पहले ही इंस्टाग्राम पर आयी हैं और लॉकडाउन के दौरान इस माध्यम के ज़रिए अपने फैंस से कनेक्ट रहती हैं। करीना कपूर, सेल्फ़ आइसोलेशन के दौरान सैफ़ अली ख़ान और बेटे तैमूर के साथ रह रही हैं।
करीना के करियर की बात करें तो उनकी लास्ट रिलीज़ अंग्रेज़ी मीडियम है, जो सिनेमाघरों के बंद होने से पहले आख़िरी रिलीज़ हुई थी। इसके बाद कोई फ़िल्म रिलीज़ नहीं हो सकी। करीना अब आमिर ख़ान के साथ लाल सिंह चड्ढा में नज़र आएंगी।