'राब्ता' से क्यों हुआ दीपिका का वास्ता, दिनेश विजन ने बताई वजह
इस गाने में दीपिका का फ़र्स्ट लुक सामने आया है। उन्हें देखकर आपको दम मारो दम के टाइटल ट्रैक वाली दीपिका की याद आ सकती है।
मुंबई। राब्ता से दिनेश विजन डायरेक्टर के रोल में डेब्यू कर रहे हैं। फ़िल्म में सुशांत सिंह राजपूत और कृति सनोन की जोड़ी है। फिर भी दिनेश ने दीपिका पादुकोण को फ़िल्म में एक स्पेशल गाने के लिए लिया है, क्योंकि इसके पीछे उनका एक विश्वास है।
दिनेश दीपिका को अपना लकी मेस्कॉट मानते हैं। इसीलिए इसके टाइटल ट्रैक में उन्हें कास्ट किया है। इस गाने में दीपिका का फ़र्स्ट लुक सामने आया है। उन्हें देखकर आपको दम मारो दम के टाइटल ट्रैक वाली दीपिका की याद आ सकती है। दीपिका के साथ दिनेश के पुराने राब्ते की वजह से अपनी फ़िल्म में लेने के लिए उन्हें ज़्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी। दीपिका की संजीदगी से दिनेश भी प्रभावित हैं। दिनेश बताते हैं, ''दीपिका छोटी-छोटी बातों पर पूरा ध्यान देती हैं। वो गाने की बारीकियां और मिज़ाज समझने के लिए मेरे साथ बैठती थीं। मुझे ख़ुशी है कि वो टाइटल ट्रैक के लिए तैयार हो गईं। मैं मानता हूं, वो मेरे लिए भाग्यशाली हैं।''
ये भी पढ़ें: एक्टर्स की गायकी का विरोध करने वालों को प्रियंका चोपड़ा का तगड़ा जवाब
राब्ता का ये गाना बुडापेस्ट में शूट किया गया है। दिनेश प्रोड्यूसर रहे हैं और दीपिका की कई फ़िल्मों को उन्होंने को-प्रोड्यूस किया है। लव आजकल, कॉकटेल और फाइंडिंग फेनी ऐसी ही फ़िल्में हैं। राब्ता 9 जून को रिलीज़ हो रही है।