दिलीप कुमार की नातिन सायशा की शादी के बाद पहली तस्वीर, जानिए कौन है दूल्हा
सायशा की शादी हैदराबाद के पांच सितारा होटल फलकनुमा पैलेस में हुई। सायशा अभी 21 साल की हैं जबकि उनके पति आर्य 38 साल के हैं।
मुंबई। हिंदी सिनेमा के थेस्पियन दिलीप कुमार की नातिन सायशा सहगल ने पिछले हफ़्ते दक्षिण भारतीय फ़िल्मों के एक्टर आर्य से शादी कर ली है, जिसकी तस्वीरें इस समय सोशल मीडिया में वायरल हुई थीं। अब सायशा की शादी के बाद पहली तस्वीर सामने आयी हैं, जिसमें वो लाल रंग की साड़ी में बेहद ख़ूबसूरत दिख रही हैं।
सायशा की शादी 9 मार्च को हैदराबाद के पांच सितारा होटल फलकनुमा पैलेस में हुई। 14 मार्च को चेन्नई में एक रिसेप्शन हुआ। रिसेप्शन पार्टी में सायशा ने लाल रंग की साड़ी पहनी और ज्वैलरी स्पोर्ट की। सायशा और आर्य इन ताज़ा तस्वीरों में परफेक्ट कपल लग रहे हैं।
सायशा अभी 21 साल की हैं, जबकि उनके पति आर्य 38 साल के हैं। इनकी उम्र का यह फ़ासला भी गॉसिप कॉलम्स की सुर्ख़ियां बना था। सायशा, दिलीप कुमार की बेगम सायरा बानो की ग्रैंड नीस शाहीन बानू और एक्टर सुमीत सहगल की बेटी हैं।
सायशा ने अपनी फ़िल्मी पारी 2015 की तेलुगु फ़िल्म से शुरू की थी। 2016 में उन्होंने अजय देवगन की फ़िल्म शिवाय से बॉलीवुड करियर शुरू किया था। हालांकि सायशा दक्षिण भारतीय सिनेमा में ज़्यादा सक्रिय रही हैं।
आर्य और सायशा की शादी में साउथ फ़िल्म इंडस्ट्री के राणा दग्गूबटी, सूर्या और अल्लू अर्जुन जैसे सितारों ने शिरकत की तो बॉलीवुड से संजय दत्त, अंजू महेंद्रू, आदित्य पंचोली और ज़रीना वहाब मौजूद रहे।
शादी से पहले संगीत समारोह में सायरा बानो ने जमकर डांस किया था, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में ख़ूब वायरल हुई थीं। दिलीप कुमार शादी में शामिल नहीं हो सके थे।
आर्य मूल रूप से केरल के हैं और उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। सॉफ्टवेयर इंजीयर की जॉब करते हुए उन्हें फ़िल्म का ऑफ़र मिला। आर्य ने तमिल फ़िल्म से अपना सिनेमाई करियर शुरू किया था। सायशा से उनकी मुलाकात फ़िल्म गजनीकांत के सेट पर 2018 में हुई थी और दोनों की रिलेशनशिप शुरू हो गयी। इसी साल वेलेंटाइन डे पर सायशा और आर्य ने शादी करने का एलान किया था।