Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कौन था मुंबई में धर्मेंद्र का पहला और सबसे पक्का दोस्त? तस्वीर शेयर कर दी जन्मदिन की बधाई

    धर्मेंद्र ने साठ के दशक में दिल भी तेरा हम भी तेरे से डेब्यू किया था। पंजाब से जब एक्टर बनने का सपना आंखों में लेकर वो मुंबई पहुंचे थे तो कई संघर्षरत कलाकारों से दोस्ती हुई थी। बाद में इनके साथ धर्मेंद्र पर्दे पर दिखाई दिये। हिट फिल्में दीं। धर्मेंद्र आज भी फिल्मों में सक्रिय हैं और उम्र के बावजूद अदाकारी से चौंकाते हैं।

    By Manoj Vashisth Edited By: Manoj Vashisth Updated: Thu, 01 Aug 2024 07:22 PM (IST)
    Hero Image
    धर्मेंद्र ने अपने दोस्त को विश किया है। फोटो- इंस्टाग्राम

    एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में सितारों की दोस्ती और दुश्मनी खूब चर्चा में रहती है। सितारों को अपना परिवार समझने वाले फैंस भी इन रिश्तों के हिसाब से अपनी पसंद और नापसंद तय करने लगते हैं। इंडस्ट्री में जिगरी यारी की कई मिसाले हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    धर्मेंद्र के भी कई कलाकारों के साथ खट्टे-मीठे रिश्ते रहे हैं, जो सफलता और असफलता के हिसाब से बदलते रहे। अब धर्मेंद्र ने मुंबई में अपने पहले दोस्त का नाम सोशल मीडिया में शेयर किया है और उन्हें अपना सबसे पक्का यार कहा है। 

    मुंबई में धर्मेंद्र का पहला यार

    धर्मेंद्र के ये दोस्त दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार हैं। 24 जुलाई को मनोज ने उम्र का 87वां पड़ाव पार कर लिया है और अपने पुराने दोस्त को धर्मेंद्र ने सोशल मीडिया के जरिए विश भी किया।

    गुरुवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर मनोज कुमार के साथ अपनी एक फोटो साझा करके लिखा- प्यारे मनोज, जन्मदिन की विलम्बित बधाई। मुंबई में मेरा पहला और पक्का दोस्त।

    यह भी पढे़ं: 31 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गया था सुपरस्टार, धर्मेंद्र आज भी मानते हैं अपना 'हीरो'

    इस विंटेज फोटो में धर्मेंद्र और मनोज खिलखिला रहे हैं। किसी फंक्शन की तस्वीर है। दोनों ही कलाकार बेहद कैंडिड मूड में हैं।

    धर्मेंद्र ने दिलीप कुमार, अमिताभ बच्चन, शत्रुघ्न सिन्हा, विनोद खन्ना, फिरोज खान के साथ अपने रिश्तों पर अक्सर बात की है, मगर मनोज कुमार संग समीकरण पर ज्यादा चर्चा नहीं की। अब उन्होंने इस पोस्ट के जरिए अपने पहले दोस्त की जानकारी दी है। 

    दिलीप कुमार से थे प्रभावित

    बता दें, मनोज कुमार और धर्मेंद्र ने लगभग एक ही समय में अपना अभिनय करियर शुरू किया था। मनोज ने 1957 में आई फिल्म फैशन में छोटा सा किरदार निभाकर पर्दे पर मौजूदगी दर्ज करवाई थी। कुछ फिल्मों में छोटे-छोटे किरदार निभाने के बाद उन्हें पहला लीड रोल 1961 की फिल्म कांच की गुड़िया में मिला था। 

    वहीं, एक टैलेंट कॉम्पिटीशन जीतने के बाद धर्मेंद्र ने 1960 में आई फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से बतौर लीड एक्टर पारी शुरू की थी। दोनों कलाकारों में एक और समानता देखने को मिलती है।

    धर्मेंद्र और मनोज को जोड़ने वाली कड़ी दिलीप कुमार हैं। दोनों ही दिलीप साहब से बेहद प्रभावित थे और उनके प्रति अपना प्यार और सम्मान समय-समय पर जाहिर करते रहे हैं। 

    दोनों दिग्गज कलाकारों ने अपने-अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्में दी हैं। धर्मेंद्र जहां रोमांस और एक्शन के लिए मशहूर हुए तो मनोज सामाजिक सरोकार से जुड़ी फिल्में बनाने के लिए जाने गये।

    पहली बार शादी में आये साथ

    दिलचस्प पहलू ये है कि इंडस्ट्री में कई दशक बिताने के बावजूद दोनों कलाकार सिर्फ तीन फिल्मों में साथ नजर आये। इनकी पहली फिल्म 1962 में आई शादी है, जिसमें सायरा बानो फीमेल लीड में थीं। बलराज साहनी भी फिल्म का हिस्सा थे।

    यह भी पढ़ें: जब पहले ही दिन कैंसिल हो गई थी Sholay की शूटिंग, अमिताभ-जया पर फिल्माया जाना था ये खास सीन

    इसके बाद राज कपूर की बहुचर्चित मगर फ्लॉप फिल्म मेरा नाम जोकर में दोनों ने गेस्ट अपीयरेंस किया था। संयोग देखिए, धर्मेंद्र और मनोज आखिरी बार 1995 की फिल्म मैदान-ए-जंग में साथ आये थे, जिसमें अक्षय कुमार और करिश्मा कपूर लीड रोल में थे। यह मनोज कुमार की आखिरी स्क्रीन प्रेजेंस भी है।