जाहनवी कपूर नहीं दीपिका बनेंगी सिंबा रणवीर की प्रेमिका
रणवीर सिंह ने ही रोहित शेट्टी को दीपिका को इस फिल्म का हिस्सा बनाने के लिए कहा है।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। पिछले लंबे समय से खबरें आ रही थीं कि रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनने जा रही फिल्म सिंबा में श्रीदेवी की बेटी जाह्ववी कपूर या सैफ अली खान की बेटी सारा अली खान नजर आ सकती हैं। लेकिन ये सारी खबरें अफवाह साबित हुई हैं।
अब नयी खबर यह है कि फिल्म सिंबा में कोई और नहीं बल्कि रणवीर की सबसे खास दोस्त दीपिका पादुकोण रणवीर के साथ एक बार फिर से जोड़ी बनाने जा रही हैं। जी हां, खबर है कि रोहित शेट्ठी ने दीपिका को इस फिल्म के लिए अप्रोच किया है और दीपिका भी फिल्म से जुड़ने के लिए दिलचस्पी दिखा रही हैं।
यह भी पढ़ें: इरफ़ान की 'दुर्लभ बीमारी' पर पत्नी का बयान, कहा-"चिंता न करें वो योद्धा हैं..."
रणवीर सिंह ने ही रोहित शेट्टी को दीपिका को इस फिल्म का हिस्सा बनाने के लिए कहा है। दरअसल, विशाल भारद्वाज की फिल्म जिसमें दीपिका और इरफान साथ काम करने जा रहे थे, लेकिन अब इरफान खान की तबीयत ठीक न होने की वजह से इस फिल्म की शूटिंग टल गयी है और इसलिए यह माना जा रहा है कि दीपिका की डेट्स खाली हो गई हैं और दीपिका इस फिल्म का हिस्सा बन सकती हैं।
यह भी पढ़ें: नवाजुद्दीन पर पत्नी की जासूसी का आरोप, पुलिस ने पूछताछ को बुलाया
आपको बता दें कि, अभी तक दीपिका और रणवीर की जोड़ी बिग स्क्रीन पर सफल रही है। गलियों की रासलीला रामलीला, बाजीराव मस्तानी और पद्मावत में दोनों कलाकारों को खूब सराहा गया। खैर, पद्मावत में रणवीर का नकारात्मक किरदार था जिसको उन्होंने प्रभावी तरीके निभाया और उनकी खूब सराहना भी हुई। पद्मावत में दीपिका के अपोजिट शाहिद कपूर थे जिन्होंने महारावल रतन सिंह की भूमिका निभाई थी। वहीं, दीपिका ने रानी पद्मावती का किरदार निभाया था।