De De Pyaar De Box Office: अजय देवगन की फ़िल्म ने 6 दिनों में पार किया 56 करोड़...
De De Pyaar De Box Office दे दे प्यार दे की रफ़्तार अजय की पिछली रिलीज़ टोटल धमाल से कम है जिसने पहले हफ़्ते में ₹94.55 करोड़ जमा किये थे।
मुंबई। De De Pyaar De Day 6 Box Office Collection लोक सभा चुनाव 2019 की मतगणना के बीच अजय देवगन की फ़िल्म 'दे दे प्यार दे' के लिए भी अच्छी ख़बर है। बैलट बॉक्स पर बीजेपी ने, तो बॉक्स ऑफ़िस पर अजय की फ़िल्म ने बढ़त बनाकर रखी है। यह भी संयोग है, देश की जनता 56 इंच के सीने की जीत का जश्न मना रही है तो अजय देवगन 56 करोड़ का।
बुधवार को दे दे प्यार दे ने सिनेमाघरों में 6 दिनों का पूरा सफ़र पूरा कर लिया। कामकाजी हफ़्ते में फ़िल्म के कलेक्शंस में अधिक गिरावट नहीं आयी है। छठे दिन फ़िल्म ने ₹5.74 करोड़ का कलेक्शन किया है, जिसे मिलाकर 6 दिनों का नेट कलेक्शन ₹56.57 करोड़ हो गया है। वर्किंग वीक में सोमवार को फ़िल्म ने ₹6.19 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि मंगलवार को कलेक्शंस ₹6.10 करोड़ रहे थे। अब यह लगभग तय हो गया है कि पहले हफ़्ते में फ़िल्म पहले हफ़्ते में ₹60 करोड़ का पड़ाव पार कर लेगी। हालांकि दे दे प्यार दे की रफ़्तार अजय की पिछली रिलीज़ टोटल धमाल से कम है, जिसने पहले हफ़्ते में ₹94.55 करोड़ जमा किये थे।
17 मई को देशभर में 3100 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज़ हुई 'दे दे प्यार दे' को पहले दिन ₹10.41 करोड़ मिले थे, जिसे उम्मीद से कम बताया गया, मगर दूसरे दिन शनिवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में जंप आया और ₹13.39 करोड़ की कमाई कर ली। रविवार को ₹14.74 करोड़ के कलेक्शन के साथ फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ₹38.54 करोड़ का शानदार कलेक्शन कर लिया था।
'दे दे प्यार दे' को अकीव अली ने डायरेक्ट किया है। फ़िल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू और रकुलप्रीत मुख्य भूमिकाओं में हैं। 'दे दे प्यार दे' की कहानी एक 50 साल के बिज़नेसमैन और उसकी 24 साल की गर्लफ्रेंड की लव स्टोरी पर आधारित है। फ़िल्म में तब्बू अजय की एक्स वाइफ़ और रकुल गर्लफ्रेंड के रोल में हैं। फ़िल्म को समीक्षकों ने भी सपोर्ट किया है। तब्बू के साथ अजय की पिछली फ़िल्म गोलमाल अगेन है, जबकि रकुल के साथ वो पहली बार पेयर अप हुए हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप