Dark Phoenix Box Office: ओपनिंग वीकेंड में 'Bharat' के सामने इतना कमा चुकी हॉलीवुड फ़िल्म
Dark Phoenix Box Office collection Day 5 भारत में X Men सीरीज़ की लोकप्रियता को देखते हुए अनुमान लगाये जा रहे थे कि फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छा प्रदर्शन कर सकती है।
मुंबई। Dark Phoenix Box Office Collection Day 5 सलमान ख़ान की फ़िल्म 'भारत' के साथ रिलीज़ हुई हॉलीवुड फ़िल्म डार्क फीनिक्स (X Men: Dark Phoenix) ओपनिंग वीकेंड में कमज़ोर साबित हुई। भारत की सूनामी में हॉलीवुड फ़िल्म तिनके की तरह उड़ गयी। 5 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में डार्क फीनिक्स 13 करोड़ के आसपास ही जमा कर सकी। वहीं भारत की कमाई ₹150 करोड़ के पार निकल चुकी है।
भारत में एक्स मेन सीरीज़ की लोकप्रियता को देखते हुए अनुमान लगाये जा रहे थे कि फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। फ़िल्म में लीड रोल में प्रियंका चोपड़ा की जेठानी सोफी टर्नर के होने की वजह से भी माना जा रहा था कि भारतीय दर्शक डार्क फीनिक्स को अपना प्यार दे सकते हैं, मगर सलमान की भारत के सामने डार्क फीनिक्स की हालत खस्ता रही।
डार्क फीनिक्स 5 जून को ईद पर ही भारत के साथ रिलीज़ हुई। पहले दिन भारत को जहां ₹42.30 करोड़ की छप्पर फाड़ कमाई मिली, वहीं डार्क फीनिक्स ₹3.10 करोड़ ही जमा कर सकी थी। गुरुवार को भारत को ₹31 करोड़ मिले वहीं, डार्क फीनिक्स को ₹2.10 करोड़ से संतोष करना पड़ा। इसके बाद भारत के कलेक्शंस जहां ₹20 करोड़ से ऊपर रहे, वहीं डार्क फीनिक्स को एक भी दिन डबल डिजिट कलेक्शन नहीं मिला।
फ़िल्म ने शुक्रवार को ₹2.15 करोड़, शनिवार को ₹3.13 करोड़ और रविवार को ₹2.80 करोड़ ही जमा किये, जिसके साथ डार्क फीनिक्स की 5 दिनों की कमाई ₹13.28 करोड़ हो चुकी है। फ़िल्म में सोफी टर्नर जीन ग्रे की भूमिका में है, जो प्रियंका के हबी निक जोनस के मंझले भाई जो जोनस की पार्टनर हैं। सोफी की यह पहली फ़िल्म है, जिसमें वो लीड रोल में आयी हों। डार्क फीनिक्स के अलावा भारत से भी प्रियंका का रिश्ता रहा है। कटरीना कैफ़ से पहले प्रियंका को ही फीमेल लीड के लिए साइन किया गया था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप