Coronavirus: सेल्फ़ आइसोलेशन में बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ धो रहे बर्तन और लगा रहे झाड़ू, देखें वीडियो
Coronavirus Self Isolation फ़िल्मफेयर ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से एक्ट्रेस फ़ातिमा सना शेख की एक फोटो शेयर की है जिसमें वो अपने घर में झाड़ू लगाते हुए नज़र आ रही हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस कोविड 19 की वजह से देश के कई हिस्सों में लॉकडाउन चल रहा है। लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी गयी हैं। आम लोगों की तरह बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ भी इस वक़्त सेल्फ़ आइसोलेशन में हैं। इस दौरान उनकी ऐसी तस्वीरें बाहर आ रही हैं, जो पहले कभी दिखाई नहीं दी होंगी। आरामदायक ज़िंदगी बसर करने वाले सेलेब्स ख़ुद घर के काम करते नज़र आ रहे हैं।
कार्तिक आर्यन कोरोना वायरस पर अपने मोनोलॉग की वजह से काफ़ी चर्चा में रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका वीडियो शेयर भी किया था। अब कार्तिक ने इंस्टाग्राम पर अपना एक और वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वो बर्तन धोते हुए दिख रहे हैं। कार्तिक ने इस वीडियो के साथ लिखा है- कहानी घर घर की। इसको लेकर कुछ ग़लफहमी मत पालना। यह तो घरों का आम दृश्य है।
फ़िल्मफेयर ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से एक्ट्रेस फ़ातिमा सना शेख की एक फोटो शेयर की है, जिसमें वो अपने घर में झाड़ू लगाते हुए नज़र आ रही हैं।
मरजावां एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने 21 मार्च को अपना एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्हें कुकिंग करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के साथ सिद्धार्थ ने लिखा- कुछ नया करने की कोशिश कभी भी की जा सकती है। मैं पहली बार बटर गार्लिक प्राॉन्स बनाने की कोशिश कर रहा हूं, जो आश्चर्यजनक रूप से सफल साबित हुई। साथियों, इस समय को भरपूर सदुपयोग कीजिए और कुछ नया करने की कोशिश कीजिए।
वहीं, कटरीना कैफ़ ख़ुद घर के बर्तन धो रही हैं। कैट को उनके फैंस पहली बार इस अंदाज़ में देखकर उनकी हौसलाअफ़जाई कर रहे हैं। कटरीना ने इस वीडियो के साथ लिखा है कि घर पर मिलने वाली मदद के लिए शुक्रगुज़ार हैं।
करीना कपूर ख़ान ने भी एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें सैफ़ अली ख़ान बेटे तैमूर अली ख़ान के साथ गार्डनिंग करते हुए नज़र आये थे।
कोरोना वायरस के देश में 400 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं और इसे नियंत्रित करने के लिए लॉकडाउन किया जा रहा है।