Coronavirus Lockdown: लीजेंड राज कुमार ने लॉकडाउन तोड़ने वाले को सिखाया सबक़, अजय देवगन ने शेयर किया Video
Coronavirus Lockdown वीडियो में हिंदी सिनेमा के लीजेंड राज कुमार अपने अंदाज़ में लॉकडाउन के अहमियत समझाते नज़र आ रहे हैं। अजये ने इसे फॉलो करने का संदेश दिया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस के प्रसार की चेन तोड़ने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में 14 अप्रैल तक लॉकडाउन का एलान किया है। इस दौरान सभी लोगों को अनिवार्य रूप से घरों में रहने की हिदायत दी गयी है, ताकि कोविड 19 के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इसके बावजूद देश में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। मगर, फिर भी कुछ लोग लॉकडाउन को गंभीरता से नहीं ले रहे और घरों से बाहर निकल रहे हैं।
लॉकडाउन को लेकर तमाम बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ ने भी जनता से अपील कर रहे हैं। अक्षय कुमार से लेकर कार्तिक आर्यन तक ने वीडियो बनाकर लोगों से लॉकडाउन और सेल्फ़ आइसोलेशन का पालन करने की अपील की। अब अजय देवगन ने एक फनी वीडियो शेयर किया है, जिसमें हिंदी फ़िल्म के एक सीन को लॉकडाउन के सपोर्ट में अपील करने के लिए इस्तेमाल किया गया है।
वीडियो में हिंदी सिनेमा के लीजेंड राज कुमार अपने अंदाज़ में लॉकडाउन के अहमियत समझाते नज़र आ रहे हैं। अजय ने वीडियो शेयर करके लिखा है- असली लीजेंड की ओर से स्पष्ट सलाह। ध्यान दीजिए। सुरक्षित रहिए।
Here’s a clear piece of advice from an asli-legend. Pay heed, #staysafe #IndiaFightsCoronavirus pic.twitter.com/jVzKeCzwIu— Ajay Devgn (@ajaydevgn) April 2, 2020
अजय देवगन का 2 अप्रैल को जन्मदिन भी है। सोशल मीडिया में उन्हें ख़ूब बधाइयां दी जा रही हैं। अजय के करियर की बात करें तो इस साल उनकी तानाजी- द अनसंग वॉरियर आयी थी, जो बेहद कामयाब रही है। पहली तिमाही की यह सबसे सक्सेसफुल फ़िल्म है। अजय इसके बाद 24 मार्च को रिलीज़ होने वाली सूर्यवंशी में अपने सिंघम वाले अवतार में नज़र आते, मगर सिनेमाघर बंद होने की वजह से फ़िल्म की रिलीज़ अनिश्चितकाल के लिए टल गयी है। अजय की इस साल भुज- प्राइड ऑफ़ नेशन और मैदान भी रिलीज़ पर हैं।
कोरोना वायरस के देश में आउटब्रेक की वजह से कई फ़िल्मों की रिलीज़ के शेड्यूल पटरी से उतर चुके हैं। ऐसे में आने वाले समय में फ़िल्मों की रिलीज़ डेट बदल सकती हैं।